मुंबई | भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुआ। आईटी शेयरों में मजबूत खरीदारी और कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों से बाजार को समर्थन मिला। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 413.66 अंक यानी 0.56 प्रतिशत बढ़कर 74,729.27 पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 148.80 अंक यानी 0.65 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,146.15 पर बंद हुआ।
IT शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
सेक्टरल सूचकांकों में निफ्टी आईटी 3.92 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे आगे रहा। मजबूत तिमाही नतीजों और कंपनियों के प्रबंधन की सकारात्मक टिप्पणियों से आईटी क्षेत्र की कमाई को लेकर निवेशकों का भरोसा बढ़ा। इसके अलावा निफ्टी सर्विसेज, मीडिया, मेटल, ऑटो, पीएसयू बैंक, इंफ्रा, कंजम्पशन, इंडिया मैन्युफैक्चरिंग, कमोडिटीज, इंडिया डिफेंस और प्राइवेट बैंक सूचकांक भी बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, ऑयल एंड गैस, एफएमसीजी, रियल्टी, हेल्थकेयर, फार्मा, पीएसई और एनर्जी सूचकांक गिरावट में रहे।
मिडकैप और स्मॉलकैप में सुस्ती
लार्जकैप शेयरों में तेजी के मुकाबले मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में कारोबार सुस्त रहा। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 67.50 अंक यानी 0.11 प्रतिशत गिरकर 59,129.75 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 1.90 अंक की मामूली गिरावट के साथ 19,129.80 पर रहा।
सेंसेक्स के इन शेयरों में रही बढ़त
सेंसेक्स में टेक महिंद्रा, टीसीएस, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, एमएंडएम, बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक, एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी, पावर ग्रिड, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, इटरनल, एचयूएल, आईसीआईसीआई बैंक और एसबीआई बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं, इंडिगो, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एशियन पेंट्स, बीईएल, एलएंडटी, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक और सन फार्मा गिरावट में रहे।
कच्चे तेल और रुपये से भी मिला समर्थन
बाजार में लगातार दूसरे दिन सुधार के पीछे आईटी शेयरों में खरीदारी प्रमुख वजह रही। मजबूत तिमाही नतीजों और कंपनियों के सकारात्मक कारोबारी संकेतों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये की मजबूती से भी बाजार के सेंटिमेंट को सहारा मिला।