देश में इस समय दीपावली की धूम देखने को मिल रही है। वहीं एमपी के जबलपुर में अनोखे तरीके से गोवर्धन पूजा की जाती है। यहां पर गाय को हर साल चांदी के जेवर चढ़ाए जाते हैं। इसके साथ ही हर साल नए आभूषण से श्रृंगार किया जाता है। मिली जानकारी के अनुसार, यहां रहने वाला यादव परिवार पिछले 10 सालों से इस परंपरा को निभा रहा है।
दिवाली के अगले दिन गोवर्धन पूजा की जाती है
आपको बता दें कि, दिवाली के अगले दिन गोवर्धन पूजा की जाती है। इस दिन गायों को चंदन लगाकर, सजाकर विधि-विधान से पूजा की जाती है। लेकिन गौ प्रेमी अजय यादव का परिवार इस पर्व को बेहद अनोखे ढंग से मनाता है। न सिर्फ गायों को अच्छा भोजन कराया जाता है, बल्कि उन्हें चांदी के जेवर पहनाए जाते हैं।
गाय को चढ़ाए चांदी के जेवर
वहीं गौ प्रेमी अजय यादव ने बताया कि, वह हर साल 1 सामान चांदी का बनवाते हैं और अपनी गाय को सजाते हैं। उन्होंने आगे बताया है कि, अब तक लगभग सवा किलो चांदी के आभूषण बन गए होंगे। अजय ने गाय के लिए चांदी का छत्र, पायल, माला और सींग भी बनवाई और बड़े अच्छे ढंग से सजाया।
अजय यादव ने गोवर्धन पूजा के बारे में बताया
अजय यादव ने गोवर्धन पूजा के बारे में बताया कि, त्रेतायुग में जब लंका के राजा रावण को मारकर भगवान श्री राम अयोध्या लौटे तो दिवाली मनाई जाती है। लेकिन द्वापरयुग में जब भगवान कृष्ण ने धरती पर अवतार लिया। इंद्र लोगों को परेशान करने लगे, तब भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर लोगों की जान बचाई।
मैं ‘गौरी’ गाय के लिए जेवर खरीदती हूं
इसके अलावा अजय यादव की पत्नी स्नेहलता यादव ने बताया कि, परमा के दिन यादव समाज के लोग अपने पशु धन को विशेष तौर पर नहलाते हैं और जितना सामर्थ्य होता है, इसके हिसाब से उन्हें सजाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि, अपने लिए सामान खरीदने के साथ ही वह अपनी ‘गौरी’ गाय के लिए भी जेवर खरीदती हैं।
Comments (0)