रायपुर: आरंग विकासखंड के भलेरा सहकारी समिति के धान खरीदी केंद्र में धान के स्टैक को पानी से भिगोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। आरोप है कि धान का वजन बढ़ाने के लिए पाइप से पानी डालकर धान को भिगोया जा रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया और पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया गया है, जो मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहा है। जांच दल में सहायक आयुक्त विनय शुक्ला के नेतृत्व में सहकारिता विस्तार अधिकारी सुमित डडसेना और सहकारिता निरीक्षक अशोक साहू शामिल हैं। टीम खरीदी केंद्र में रखे धान के स्टैक, भंडारण व्यवस्था और वहां कार्यरत कर्मचारियों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।
साथ ही ग्रामीणों से भी जानकारी लेकर पूरे मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)