रायपुर।छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। रायपुर समेत 26 जिलों में शाम से रात तक बारिश और अचानक तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग के मुताबिक कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं और हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
शाम 6:20 से रात 9:20 बजे तक
मौसम विभाग की ओर से जारी नाउकास्ट 6 अक्टूबर की शाम 6:20 बजे से रात 9:20 बजे तक के लिए है। इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में स्थानीय स्तर पर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।बारिश की स्थिति के पीछे मानसून वापसी की रेखा का रायपुर से गुजरना और ऊपरी हवा में सक्रिय सिस्टम को प्रमुख वजह बताया गया है।
इन 26 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा की संभावना है। प्रभावित जिलों में शामिल हैं:बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर।इन इलाकों में शाम से रात के बीच मौसम खराब होने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
रायपुर में शाम और रात को बौछारों के आसार
राजधानी रायपुर में भी बुधवार शाम और रात को बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।मंगलवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंगलवार को ज्यादातर इलाकों में मौसम रहा ड्राई
मंगलवार को प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। हालांकि मुंगेली और बलरामपुर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। यानी मानसून वापसी के दौर के बीच छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह साफ रहने की संभावना नहीं है।