रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कर्नाटक दौरे के लिए रवाना हुए। रवाना होने से पहले उन्होंने अपने कर्नाटक दौरे और प्रदेश की सियासत से जुड़े कई अहम मुद्दों पर बयान दिया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के अनिश्चितकालीन धरने को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। वहीं, समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर भी बड़ा बयान देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में जल्द ही UCC लागू किया जाएगा।
सत्य साईं ग्राम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि आज उनका कर्नाटक दौरा है। इस दौरान वे सत्य साईं ग्राम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही वे वहां मौजूद प्रबुद्धजनों से भी मुलाकात करेंगे।
कांग्रेस के धरने पर CM साय का बड़ा हमला
रायपुर के खम्हारडीह थाने के बाहर कांग्रेस के अनिश्चितकालीन धरने को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रदर्शन करने का अधिकार सभी को है, लेकिन कानून को हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि "कश्मीर की तरह पत्थरबाजी में उतर आए हैं कांग्रेसी।" उन्होंने कहा कि जिस तरह कश्मीर में पत्थरबाजी होती थी, उसी तरह कांग्रेस कार्यकर्ता भी पत्थरबाजी में उतर आए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
UCC को लेकर CM विष्णुदेव साय का बड़ा बयान
समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल्द ही UCC लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि रंजना देसाई की अध्यक्षता में इस संबंध में बैठक चल रही है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले शीतकालीन विधानसभा सत्र में छत्तीसगढ़ में UCC लागू किया जा सकता है। हालांकि, अंतिम निर्णय प्रक्रिया और सरकार की औपचारिक घोषणा के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
कर्नाटक दौरे से लेकर UCC तक, CM साय के बयान पर सियासत गरम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कर्नाटक दौरे के बीच कांग्रेस के धरने और UCC को लेकर दिए गए बयान से प्रदेश की राजनीति गरमा सकती है। एक ओर कांग्रेस FIR के विरोध में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठी है, वहीं मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की बात कही है। दूसरी ओर UCC को लेकर मुख्यमंत्री के बयान ने प्रदेश की राजनीति में एक नए मुद्दे को जन्म दे दिया है।