रायपुर: अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। छत्तीसगढ़ समेत देश के कई हिस्सों में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी महसूस की जा रही है। गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं, वहीं कई जगहों पर सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
राजधानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई, सरगुजा और रायगढ़ समेत कई जिलों में सुबह से ही गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ जुट रही है। लोग तेज धूप में घंटों खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
इस बीच गैस एजेंसियों का सर्वर ठप हो जाने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। तकनीकी समस्या के चलते कई जगहों पर उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
फिलहाल ऑनलाइन और मिस्ड कॉल के जरिए गैस सिलेंडर की बुकिंग अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को भी सिलेंडर की डिलीवरी के लिए करीब 10 से 12 दिन का इंतजार करने की बात कही जा रही है।
हालांकि प्रशासन का दावा है कि स्थिति सामान्य है और गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी दिक्कतों और अचानक बढ़ी मांग की वजह से अस्थायी रूप से यह स्थिति बनी है।
Comments (0)