रायपुर: राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित ई-सिगरेट, फ्लेवर युक्त तंबाखू और हुक्का पॉट की बड़ी खेप पुलिस ने बरामद की है। यह कार्रवाई खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
सूत्रों के मुताबिक, शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये मूल्य का प्रतिबंधित सामान जब्त किया गया है। पुलिस ने पूरी रात जब्ती की प्रक्रिया पूरी करते हुए संबंधित कारोबारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
एसीसीयू को गुप्त सूचना मिली थी कि खमतराई थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में एक गोदाम में प्रतिबंधित उत्पादों का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से गोदाम में दबिश दी। देर रात ट्रांसपोर्टर को मौके पर बुलाकर गोदाम खुलवाया गया, जहां बड़ी मात्रा में ई-सिगरेट डिवाइस, फ्लेवर लिक्विड, हुक्का तंबाकू और अन्य प्रतिबंधित सामग्री कार्टूनों में पैक मिली।
अन्य राज्यों से जुड़े हो सकते हैं तार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह सामग्री दूसरे राज्यों से ट्रांसपोर्ट के जरिए रायपुर लाई गई थी और यहां से शहर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई की जानी थी। पुलिस को आशंका है कि इस अवैध कारोबार का नेटवर्क राज्य के बाहर तक फैला हो सकता है।
फिलहाल पुलिस ट्रांसपोर्टर और गोदाम से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। जब्त सामान की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही पूरे मामले और आरोपियों के नामों का खुलासा किया जाएगा।
Comments (0)