रायपुर: राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर इन दिनों गांजे की ब्रांडिंग के साथ कोरियर और होम डिलीवरी सेवा से जुड़ी एक पोस्ट और लिंक वायरल हो रहा था। पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
इंस्टाग्राम लिंक से व्हाट्सऐप पर शुरू हो रही थी चैट
वायरल पोस्ट में दिए गए इंस्टाग्राम अकाउंट पर क्लिक करने के बाद सीधे व्हाट्सऐप चैटिंग शुरू होने का दावा किया जा रहा था। वायरल चैट में गांजे के ऑर्डर, डिलीवरी और कीमत तय करने जैसी बातचीत दिखाई जा रही थी। इससे लोगों के बीच मामले को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई।
वायरल पोस्ट के बाद पुलिस ने दी सफाई
मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आने के बाद पुलिस ने वायरल हो रही व्हाट्सऐप चैट को फर्जी बताया है। पुलिस के मुताबिक रायपुर में गांजे की इस तरह की ऑनलाइन ऑर्डर और होम डिलीवरी से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है।
रायपुर की नहीं, ओडिशा से जुड़ी बताई जा रही चैट
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही चैट रायपुर की नहीं है। पुलिस के अनुसार वायरल चैट ओडिशा से जुड़ी बताई जा रही है। ऐसे में वायरल पोस्ट को रायपुर से जोड़कर देखना सही नहीं है।
भ्रामक पोस्ट से सावधान रहने की अपील
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली ऐसी भ्रामक पोस्ट और चैट पर बिना पुष्टि भरोसा नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध या भ्रामक जानकारी को आगे शेयर करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।