राजधानी रायपुर में हुए एक सनसनीखेज हिट एंड रन मामले में पुलिस ने पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं वर्तमान भाजपा विधायक रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह हादसा तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक के पास हुआ, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
देर रात हुआ हादसा
घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1.30 बजे की है। नगर निगम कर्मचारी राजनारायण ठाकुर का छोटा भाई त्रिभुवन सिंह ठाकुर, जो पेशे से डीजे ऑपरेटर है, एक कार्यक्रम से लौट रहा था।
पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि त्रिभुवन सिंह बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई और सिर फट गया।
हादसे के बाद फरार हुआ चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी और वाहन लहराते हुए चल रहा था। हादसे के बाद भी चालक ने कार नहीं रोकी और मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और आरोपी लक्की सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
Comments (0)