रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाने के बाहर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता 15 घंटे से अधिक समय से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। यह धरना भाजपा-कांग्रेस के बीच हुए विवाद के बाद कांग्रेस के 12 नेताओं समेत कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में दर्ज FIR के विरोध में किया जा रहा है। कांग्रेस ने मांग की है कि मामले में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी काउंटर FIR दर्ज की जाए।
थाने के बाहर डटे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता खम्हारडीह थाने के बाहर धरने पर बैठे हैं। देर रात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना जारी रखने के लिए टेंट का सामान मंगवाया। इसके बाद सड़क पर दरी, कालीन और गद्दे बिछाकर प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते हुए अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।
पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की
धरने के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना खत्म करने से इनकार कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ काउंटर FIR दर्ज नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
दीपक बैज बोले- भाजपा नेताओं पर भी दर्ज हो FIR
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के मंत्री, विधायक और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी FIR दर्ज की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्थरबाजी के लिए भाजपा नेताओं ने ही अपने कार्यकर्ताओं को उकसाया था। बैज ने स्पष्ट कहा कि जब तक काउंटर FIR दर्ज नहीं होती, तब तक कांग्रेस का धरना जारी रहेगा।
एसीपी ने कहा- आवेदन की जांच के बाद होगी कार्रवाई
वहीं, एसीपी पूर्णिमा लामा ने कहा कि कांग्रेस की ओर से पुलिस को आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस की मांग पर टिकी नजरें
फिलहाल खम्हारडीह थाने के बाहर कांग्रेस का धरना जारी है। कांग्रेस की काउंटर FIR की मांग और पुलिस की ओर से आवेदन की जांच के बाद होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक विवाद और बढ़ने के आसार हैं।