रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण अस्पताल के पीछे बने सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। टैंक में उतरे तीन सफाईकर्मियों की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र की है, जहां सीवरेज टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस के संपर्क में आते ही सभी मजदूर बेहोश हो गए। आनन-फानन में उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीन की जान जा चुकी थी।
मृतकों की पहचान अनमोल मांझी (25), गोविंद सेंद्रे (35) और सत्यम कुमार (22) के रूप में हुई है। वहीं एक अन्य मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद अस्पताल परिसर में हालात तनावपूर्ण हो गए। मृतकों के परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल के बाहर जुट गए और जमकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच झूमाझटकी भी हुई, यहां तक कि गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव भी कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
मृतकों के परिजनों का आरोप है कि सफाईकर्मियों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के गटर में उतारा गया। जहरीली गैस की आशंका के बावजूद न तो गैस चेकिंग की गई और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने अंदर किसी को प्रवेश नहीं दिया, जिससे परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों के साथ-साथ लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
Comments (0)