उज्जैन: बुधवार सुबह, प्रसिद्ध टीवी और फिल्म अभिनेत्री उल्का गुप्ता, गुजराती सिंगर किंजल दवे, साउथ फिल्म एक्ट्रेस मोनल गज्जर और पूर्व क्रिकेटर सुनील जोशी महाकाल मंदिर पहुंचे। सभी ने तड़के भस्म आरती में भाग लेकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
आरती और दर्शन का दिव्य अनुभव
सभी श्रद्धालु सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे और नंदी हॉल में बैठकर लगभग 2 घंटे तक भस्म आरती में शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने भगवान महाकाल का जाप किया और नंदी जी का पूजन कर कान में अपनी मनोकामना भी कही। आरती के बाद सभी ने भगवान महाकाल के दर्शन किए और जल अर्पित किया। मंदिर समिति की ओर से उनका सम्मान भी किया गया।
उल्का गुप्ता का अनुभव
उल्का गुप्ता ने कहा कि महाकाल के दर्शन कर वह खुद को धन्य महसूस कर रही हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर के अंदर का माहौल इतना दिव्य था कि दो घंटे कैसे बीत गए, पता ही नहीं चला। उन्होंने बताया कि शिवलिंग का श्रृंगार और जल अर्पण को इतने करीब से देखना अद्भुत अनुभव रहा। भस्म आरती के दौरान गूंजते मंत्र और तालियों की आवाज़ ने उन्हें रोमांचित कर दिया। उनका कहना था कि हर शिव भक्त को जीवन में एक बार इस अनुभव का आनंद जरूर लेना चाहिए।