अजयगढ़ में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाले मां-बेटे हत्याकांड का पुलिस ने 8 महीने बाद सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। चोरी की नीयत से घर में घुसे आरोपी ने पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर पहचान उजागर होने के डर से मां और उसके 5 वर्षीय मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। करीब 200 सीसीटीवी फुटेज, 40 संदिग्धों के डीएनए टेस्ट और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने सीधी जिले के पुराने अपराधी इंद्रभान साकेत को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
8 महीने बाद पुलिस के हाथ लगा डबल मर्डर का आरोपी
पन्ना जिले के अजयगढ़ में हुए बहुचर्चित मां-बेटे हत्याकांड का पुलिस ने आखिरकार 8 महीने बाद सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के आरोप में 25 वर्षीय इंद्रभान साकेत को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चोरी की नीयत से घर में घुसकर पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर पहचान छिपाने के लिए मां और उसके 5 वर्षीय मासूम बेटे की हत्या कर दी थी। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और 40 संदिग्धों के डीएनए टेस्ट कराए। आखिरकार तकनीकी साक्ष्यों और लगातार जांच के बाद आरोपी को मैहर के ग्राम खोखला से गिरफ्तार किया गया।
मासूम ने मां को बचाने की कोशिश की, बेरहम आरोपी ने ले ली जान
एसपी निवेदिता नायडू ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना 16-17 सितंबर की दरमियानी रात की है। आरोपी पहले उसी मोहल्ले में किराए से रह चुका था, इसलिए उसे घर की पूरी जानकारी थी। वारदात के दौरान जब महिला जाग गई तो आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर दुष्कर्म किया। इसी बीच 5 वर्षीय मासूम देवेंद्र अपनी मां को बचाने पहुंचा तो आरोपी ने उसका गला घोंट दिया और बाद में महिला की भी हत्या कर फरार हो गया। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से ही सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाने में रेप के मामले में नामजद था और अजयगढ़ में चाइनीज फूड का ठेला लगाता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।