भोपाल: दशहरा पर्व पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को भोपाल में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव रहेगा। शहर के 18 प्रमुख मैदानों में रावण दहन के आयोजन और श्री रामविजय रथ यात्रा के चलते कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। नगरीय यातायात पुलिस के मुताबिक, दोपहर 2 बजे से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, शाम 5 बजे के बाद जरूरत के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में यातायात डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा शहर में करीब 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन भी निकाले जाएंगे। ऐसे में दशहरा कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
दोपहर 2 बजे से भारी वाहनों की नो-एंट्री
यातायात पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। खजूरी बायपास, मुबारकपुर चौराहा, नया बायपास लांबाखेड़ा, चौपड़ाकला बायपास, पटेलनगर, भानपुर, बेस्टप्राइज, करोंद चौराहा, लालघाटी, प्रभात पेट्रोल पंप चौराहा, सुभाष नगर फाटक, जिन्सी चौराहा, हबीबगंज नाका, सूरज नगर और मिसरोद 11 मील से भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।शाम 5 बजे के बाद रावण दहन और रथ यात्रा के दौरान अलग-अलग इलाकों में जरूरत के मुताबिक ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा। वाहन चालकों को यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
छोला दशहरा मैदान जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते
छोला दशहरा मैदान में रावण दहन देखने जाने वाले लोगों के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। भानपुर चौराहे से मैदान की ओर केवल उन्हीं हल्के और दोपहिया वाहनों को जाने की अनुमति होगी, जिन्हें कार्यक्रम में शामिल होना है।नादरा बस स्टैंड और डीआईजी बंगले की ओर जाने वाले वाहन बेस्टप्राइज तिराहा, कृषि उपज मंडी, जेपी नगर तिराहा, डीआईजी बंगला चौराहा या गणेश मंदिर छोला अंडरब्रिज के रास्ते जा सकेंगे।
विदिशा और बैरसिया की ओर से आने वाली नादरा बस स्टैंड और पुतलीघर बस स्टैंड जाने वाली बसें भानपुर चौराहे या बेस्टप्राइज तिराहे तक ही आ सकेंगी। शाम 6 बजे के बाद इन बसों को दोनों बस स्टैंड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
श्री रामविजय रथ यात्रा के दौरान इन रास्तों पर रहेगी रोक
श्री रामविजय रथ यात्रा बांके बिहारी मंदिर, मारवाड़ी रोड से शुरू होगी। इसके बाद यात्रा चिंतामन चौराहा, यूनानी सफाखाना, सुल्तानिया रोड, चौकी चौक, घोड़ा नक्कास, छोटे भैया चौराहा और नादरा बस स्टैंड होते हुए छोला दशहरा मैदान पहुंचेगी।रथ यात्रा के नादरा बस स्टैंड पहुंचने पर भोपाल टॉकीज चौराहा और अल्पना तिराहे से नादरा की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।वहीं, रथ यात्रा के छोला रोड में प्रवेश करने पर छोला दशहरा मैदान जाने वाले वाहन काजी कैंप, डीआईजी बंगला, जेपी नगर तिराहा, कृषि उपज मंडी के सामने और बेस्टप्राइज होते हुए पहुंच सकेंगे।
छोला मैदान में यहां करें वाहनों की पार्किंग
छोला दशहरा मैदान में रावण दहन देखने पहुंचने वाले लोगों के लिए पार्किंग की व्यवस्था रेलवे गोदाम के पास, टिंबर मार्केट और स्टेडियम के पास की गई है।यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि सड़क पर जाम की स्थिति न बने और कार्यक्रम में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी न हो।
भेल दशहरा मैदान जाने वालों के लिए बदले रास्ते
भेल दशहरा मैदान में रावण दहन के दौरान चेतक ब्रिज, अन्ना नगर, करियर कॉलेज, बीएचईएल गेट नंबर-6, सिक्योरिटी लाइन तिराहा और हेमा स्कूल के आसपास यातायात का दबाव रहने की संभावना है।एमपी नगर और चेतक ब्रिज से अवधपुरी की ओर जाने वाले वाहन अन्ना नगर से दाएं मुड़कर हबीबगंज मस्जिद तिराहा पहुंच सकेंगे। यहां से बाएं मुड़कर जवाहरलाल नेहरू गुलाब उद्यान के रास्ते बीएचईएल और अवधपुरी की ओर जा सकेंगे।इन मार्गों पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात पुलिस जरूरत के अनुसार डायवर्जन लागू कर सकती है।
सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक पथ संचलन का असर
दशहरा पर्व पर भोपाल में करीब 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन निकाले जाएंगे। इसके चलते पुराने शहर के कई इलाकों में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है।इनमें अशोका गार्डन, छोला, शाहजहांनाबाद, कोतवाली, तलैया, बुधवारा, मंगलवारा और हनुमानगंज क्षेत्र शामिल हैं। इन इलाकों से गुजरने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
भोपाल के इन 18 मैदानों में होगा रावण दहन
दशहरा पर्व पर शहर के 18 प्रमुख मैदानों में रावण दहन के आयोजन होंगे। इन मैदानों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस जरूरत के मुताबिक मार्गों पर बदलाव करेगी।
रावण दहन के प्रमुख आयोजन इन स्थानों पर होंगे:
बैरागढ़
गांधीनगर
कोहेफिजा
छोला
हाउसिंग बोर्ड
अशोका गार्डन
जंबूरी
अयोध्या नगर
भेल
एमवीएम कॉलेज
विट्ठल मार्केट
लहारपुरा
पांच नंबर बस स्टॉप
ओल्ड कैंपियन
टीटी नगर
कोलार
शाहपुरा
कलियासोत एडवेंचर ग्राउंड