पन्ना जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बृहस्पति कुंड (ग्लास ब्रिज) में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। ग्लास ब्रिज देखने दोस्तों के साथ पहुंचे एक नर्सिंग छात्र के प्रतिबंधित क्षेत्र में नहाने के दौरान गहरे पानी में लापता होने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
प्रतिबंधित क्षेत्र में नहाने के दौरान गहरे पानी में समाया छात्र
पन्ना जिले के बृहस्पति कुंड (ग्लास ब्रिज) में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सतना में नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा 25 वर्षीय छात्र कुनाल ठाकुर अपने चार-पांच दोस्तों के साथ बृहस्पति कुंड घूमने आया था। बताया जा रहा है कि सभी युवक घूमते-घूमते प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंच गए। इसी दौरान नहाते समय कुनाल का संतुलन बिगड़ गया और वह झरने के गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद उसके साथियों ने शोर मचाया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही बृजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चूंकि घटनास्थल बरौंधा थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए संबंधित थाना पुलिस को भी तत्काल सूचना दी गई। इसके बाद SDRF की टीम और स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर छात्र की तलाश शुरू कराई गई। देर शाम तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलता रहा, लेकिन छात्र का कोई पता नहीं चल सका।
SDRF, गोताखोर और पुलिस की संयुक्त टीम चला रही सर्च ऑपरेशन
इस हादसे के बाद एक बार फिर बृहस्पति कुंड में पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से रोकने के लिए पर्याप्त निगरानी और सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं, जिसके कारण बार-बार इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें, चेतावनी बोर्डों का सम्मान करें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश करने या वहां नहाने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं। फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम छात्र की तलाश में जुटी हुई है।