मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को पन्ना जिले के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 2:35 बजे खजुराहो विमानतल पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा दोपहर 3 बजे पन्ना हेलीपैड आएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जिला मुख्यालय स्थित होमगार्ड ग्राउंड में आयोजित शासकीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद शाम 5:05 बजे पन्ना से खजुराहो के लिए रवाना होंगे और वहां से भोपाल लौटेंगे।
शिक्षा, सड़क, पर्यटन और प्रशासनिक भवनों को मिलेगी नई सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव अपने प्रवास के दौरान 204.26 करोड़ रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित 22 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें 94.63 करोड़ रुपये की लागत वाले 6 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 109.63 करोड़ रुपये की लागत वाले 16 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। लोकार्पण होने वाले प्रमुख कार्यों में शासकीय सांदीपनि उच्च माध्यमिक विद्यालय गुनौर एवं पवई के नवीन भवन, शासकीय महाविद्यालय पवई का नया भवन, बृजपुर एवं सुहावा बैराज योजना तथा बृहस्पति कुंड के सौंदर्यीकरण के साथ ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट का निर्माण शामिल है। वहीं भूमिपूजन होने वाले प्रमुख कार्यों में डायमंड म्यूजियम, संयुक्त एसडीएम कार्यालय भवन, छत्रसाल पीजी कॉलेज के विज्ञान भवन का उन्नयन, गीता पेट्रोल पंप से पोस्ट ऑफिस तिराहा तक सड़क एवं डिवाइडर निर्माण, शहरी जल प्रबंधन कार्य, पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के नवीन भवन, छात्रावास निर्माण तथा कई ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा पन्ना जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है।