Indore | मध्य प्रदेश के इंदौर में 11 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। मैच का आयोजन होलकर स्टेडियम में होना है। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने और वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए इंदौर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह ट्रैफिक व्यवस्था 11 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से मैच खत्म होने तक लागू रहेगी। इस दौरान स्टेडियम के आसपास कई मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और जरूरत के अनुसार कुछ रास्तों पर डायवर्जन किया जाएगा।
स्टेडियम पहुंचने के लिए इन रास्तों का करें इस्तेमाल
हुकुमचंद घंटाघर और पंचम की फेल की तरफ से आने वाले दर्शकों को जंजीरवाला चौराहे से पैदल स्टेडियम की ओर जाना होगा। वहीं, लैंटर्न चौराहे की तरफ से आने वाले दर्शक भी पैदल स्टेडियम पहुंच सकेंगे। स्टेडियम की ओर केवल वैध पार्किंग पास वाले वाहनों और आपातकालीन वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी। बिना पार्किंग पास वाले निजी वाहनों को स्टेडियम के आसपास ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
इन प्रमुख रास्तों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही रहेगी प्रतिबंधित
मैच के दौरान लैंटर्न चौराहा, जंजीरवाला चौराहा, घंटाघर, हाईकोर्ट और पलासिया क्षेत्र के आसपास सामान्य वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात के दबाव के अनुसार दोपहर 2 बजे से रीगल चौराहा, गीताभवन और इंडस्ट्री हाउस क्षेत्र में भी डायवर्जन लागू किया जा सकता है। इसलिए इन इलाकों से गुजरने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
बिना पार्किंग पास वाले दर्शकों के लिए यहां होगी पार्किंग
जिन दर्शकों के पास स्टेडियम के आसपास की पार्किंग का वैध पास नहीं है, उनके लिए अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है।
इन स्थानों पर वाहन पार्क किए जा सकेंगे:
- बाल विनय मंदिर स्कूल
- SGSITS परिसर
- पंचम की फेल स्थित मैदान
- इन पार्किंग स्थलों पर पहले आओ, पहले पार्क करो के आधार पर वाहन खड़े किए जा सकेंगे। पार्किंग की उपलब्धता स्थान पर खाली जगह के अनुसार रहेगी।
पासधारकों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था
यशवंत क्लब, अभय प्रशाल, ITC, बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स, विवेकानंद स्कूल और IDA परिसर में केवल वैध पार्किंग पास वाले वाहनों को पार्क करने की अनुमति होगी। दर्शकों से अपील की गई है कि वे अपने पार्किंग पास के अनुसार ही निर्धारित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करें और स्टेडियम के आसपास अनधिकृत पार्किंग से बचें।
निजी वाहन की जगह पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने की अपील
मैच के दौरान सड़कों पर वाहनों का दबाव कम रखने के लिए इंदौर यातायात पुलिस ने दर्शकों से सिटी बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है। सिटी बसों से आने वाले यात्रियों को घंटाघर और हाईकोर्ट चौराहे के आसपास उतारा जाएगा। यहां से दर्शक पैदल होलकर स्टेडियम तक पहुंच सकेंगे।
इन वैकल्पिक मार्गों से कर सकेंगे यात्रा
ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा रीगल से पलासिया जाने वाले वाहन व्हाइट चर्च और एबी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, विजय नगर से मरीमाता की ओर जाने वाले वाहन LIG, पाटनीपुरा, परदेशीपुरा और कुलकर्णी भट्टा ब्रिज होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
ट्रैफिक संबंधी परेशानी पर इस नंबर पर करें संपर्क
मैच के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर किसी तरह की परेशानी या जानकारी के लिए यातायात पुलिस की हेल्पलाइन 7049107620 पर संपर्क किया जा सकता है।
दर्शकों के लिए जरूरी सलाह
भारत-वेस्टइंडीज मैच देखने जाने वाले दर्शकों को सलाह है कि वे घर से निकलने से पहले अपने पार्किंग पास और रूट की जानकारी जरूर जांच लें। बिना पास वाले वाहन स्टेडियम के आसपास ले जाने से बचें और संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। 11 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे के बाद होलकर स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलना बेहतर रहेगा।