पन्ना की रत्नगर्भा धरती ने एक बार फिर एक गरीब आदिवासी परिवार की किस्मत बदल दी है। अहिरगवां की निजी हीरा खदान से 11.19 कैरेट का बेशकीमती जेम्स क्वालिटी हीरा मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी जा रही है। खास बात यह है कि इसी परिवार को दो साल पहले भी 19.22 कैरेट का हीरा मिला था, जो 93 लाख रुपये में नीलाम हुआ था। लगातार दूसरी बार चमकी इस किस्मत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पन्ना की धरती आज भी मेहनतकश लोगों के सपनों को साकार कर रही है।
दो महीने की मेहनत लाई रंग, मिला 11.19 कैरेट का बेशकीमती हीरा
राकेश गौड़ आदिवासी ने अप्रैल माह में निजी भूमि का पट्टा लेकर अपने भाइयों और रिश्तेदारों के साथ हीरा खदान लगाई थी। करीब दो महीने की लगातार मेहनत के बाद सोमवार को 11.19 कैरेट का जेम्स क्वालिटी हीरा मिला। परिवार ने ईमानदारी दिखाते हुए हीरे को तत्काल हीरा कार्यालय में जमा करा दिया। अब इसे आगामी शासकीय नीलामी में रखा जाएगा।
दूसरी बार चमकी किस्मत, पहले मिला था 93 लाख का हीरा
यह परिवार पहले भी अपनी किस्मत के दम पर सुर्खियों में रह चुका है। वर्ष 2024 में इसी खदान क्षेत्र से 19.22 कैरेट का हीरा मिला था, जो शासकीय नीलामी में 93 लाख रुपये में बिका था। राकेश आदिवासी का कहना है कि इस बार मिलने वाली राशि से भी वे नई हीरा खदान लगाकर अपनी किस्मत आजमाते रहेंगे।