जिले के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल बृहस्पति कुंड स्थित कांच ग्लास ब्रिज पर मंगलवार को दो महिलाओं के बीच जमकर हाथापाई हो गई। बताया जा रहा है कि ग्लास ब्रिज पर चढ़ने के दौरान पैर रखने को लेकर दोनों महिलाओं के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला बृजपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
बार-बार विवाद के बाद भी व्यवस्थाओं पर सवाल
आपको बता दें कि जब से ग्लास ब्रिज आम जनता के लिए खोला गया है, तब से यहां विवाद और हंगामे की घटनाएं सामने आती रही हैं। कुछ दिन पहले टिकट को लेकर मारपीट का वीडियो भी सामने आया था। इसके बावजूद जिला प्रशासन द्वारा भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि जब पर्यटकों से प्रवेश के नाम पर 100 रुपये शुल्क लिया जा रहा है, तो फिर भीड़ को नियंत्रित करने और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है। वहीं, बताया जा रहा है कि प्रशासन ने पहले ग्लास ब्रिज की व्यवस्थाओं के संचालन के लिए निविदा जारी की थी, लेकिन बाद में उसे निरस्त कर पुरानी व्यवस्था के तहत संचालन शुरू कर दिया गया। इस व्यवस्था को लेकर भी स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। कुछ लोगों ने गंभीर आरोप लगाते हुए पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो ऐसी घटनाएं आगे भी बढ़ सकती हैं।