मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज की मांग ने एक महिला की जान ले ली। मोटरसाइकिल और स्मार्टफोन की मांग को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि दामाद ने अपनी ही सास की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
दहेज की मांग को लेकर बढ़ा विवाद, दी थी जान से मारने की धमकी
बताया जा रहा है कि गुरुवार को आरोपी अपनी गर्भवती पत्नी को मायके छोड़कर गया था। इसके बाद शुक्रवार (1 मई) की सुबह वह दोबारा ससुराल पहुंचा, जहां दहेज की मांग को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी सास को जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों को अंदाजा नहीं था कि वह कुछ ही घंटों में इस धमकी को अंजाम दे देगा।
रसोई में घुसकर किया हमला, मौके पर ही हुई मौत
रात करीब 9 बजे जब रीता राय घर में खाना बना रही थीं, तभी आरोपी अचानक वहां पहुंचा और लकड़ी के बैट से उनके सिर पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई उसकी गर्भवती पत्नी खुशी को भी आरोपी ने धक्का देकर गिरा दिया। आरोपी ने लगातार कई वार किए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बृजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है और उसकी तलाश जारी है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है, जहां एक ओर घर में खुशियों का माहौल होना था, वहीं अब मातम पसरा हुआ है।