विश्व तेंदुआ दिवस के मौके पर मध्यप्रदेश के पन्ना से एक दिल छू लेने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पाइप में फंसे एक तेंदुए को वन विभाग की सूझबूझ और ‘देसी जुगाड़’ के जरिए सुरक्षित बचाया गया। यह रेस्क्यू ऑपरेशन न सिर्फ रोमांचक रहा, बल्कि वन्यजीव संरक्षण की मिसाल भी बन गया।
देसी जुगाड़’ से किया गया रेस्क्यू, टीम की सूझबूझ आई काम
DFO अनुपम शर्मा के मार्गदर्शन में पन्ना टाइगर रिजर्व और वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए खास रणनीति बनाई। शुरुआत में पानी की बौछारों से उसे बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन जब यह प्रयास विफल रहा तो टीम ने ‘देसी जुगाड़’ अपनाया। पाइप के साइज के टायरों को रस्सी के सहारे अंदर धकेला गया, जिससे तेंदुआ पीछे हटते हुए पिंजरे की ओर आने को मजबूर हुआ और आखिरकार सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पूरी तरह स्वस्थ मिला तेंदुआ, जंगल में सुरक्षित छोड़ा गया
रेस्क्यू के बाद वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. संजीव गुप्ता ने तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। इस सफल ऑपरेशन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समय पर कार्रवाई, तकनीकी समझ और स्थानीय स्तर के उपायों से वन्यजीवों का संरक्षण संभव है।