जिले में एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। एक ओर परिवार में नवजात के जन्म की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं दूसरी ओर महज दो दिन बाद पिता की मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। पन्ना थाना क्षेत्र के नगरसेना ग्राउंड परिसर में मंगलवार तड़के एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मजदूरी कर परिवार का करता था पालन-पोषण
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान महेंद्र सिंह उर्फ बाबू (45 वर्ष) निवासी रामजीपुर, थाना धरमपुर के रूप में हुई है। वह पन्ना शहर में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
दो दिन पहले हुआ था बेटे का जन्म, पत्नी अभी भी अस्पताल में भर्ती
घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि मृतक की सास के अनुसार महेंद्र सिंह की पत्नी ने महज दो दिन पहले जिला अस्पताल पन्ना में बच्चे को जन्म दिया था। प्रसूता अभी भी अस्पताल में भर्ती है। जिस घर में दो दिन पहले नवजात की किलकारियां गूंजी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। जन्म लेते ही नवजात के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिजन और ग्रामीण गहरे शोक में हैं।
मौत का कारण स्पष्ट नहीं, हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पन्ना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और मृतक के परिचितों से पूछताछ कर रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा