पन्ना की मडला घाटी आज मौत के मैदान में बदल गई, जब ब्रेक फेल एक बेकाबू ट्रक ने नेशनल हाईवे-39 पर ऐसा खूनी खेल खेला कि हर आंख दहशत से भर उठी। जाम में फंसे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और ट्रक ने एक बेगुनाह कोटवार को बेरहमी से कुचल दिया। हादसे के बाद हाईवे पर चीखें, अफरा-तफरी और गुस्से का विस्फोट देखने को मिला।
कोटवार की मौके पर मौत, चालक गिरफ्तार
बेकाबू ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार की पहचान बगोंहा गांव निवासी कोटवार रामाधार वंशकार (40 वर्ष) के रूप में हुई है। ट्रक के पहियों के नीचे आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मडला थाना प्रभारी रचना पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और हालात को संभाला। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद लंबे समय तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बहाल कराया।
ब्रेक फेल ट्रक ने मचाया मौत का तांडव
पन्ना-छतरपुर नेशनल हाईवे-39 पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। मडला घाटी पर जाम में फंसे वाहनों के बीच अचानक एक बेकाबू ट्रक मौत बनकर दौड़ पड़ा। बताया जा रहा है कि ट्रक (MP-19 HA-4889) के ब्रेक फेल हो गए थे, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार ट्रक ने सबसे पहले जाम में खड़ी एक आल्टो कार को जोरदार टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों की चीखें निकल गईं और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।