पन्ना जिले के लिए गर्व का क्षण सामने आया है, जब कृषि महाविद्यालय के छात्र प्रशांत शर्मा ने ग्वालियर में आयोजित राज्यस्तरीय एग्री विजन क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मिली इस सफलता ने न सिर्फ महाविद्यालय बल्कि पूरे महाकौशल प्रांत का मान बढ़ाया है।
ग्वालियर में आयोजित एग्री विजन सम्मेलन में शानदार प्रदर्शन, कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच हासिल की बड़ी सफलता
पन्ना जिले के लिए गौरव का क्षण तब सामने आया, जब कृषि महाविद्यालय के छात्र प्रशांत शर्मा ने राज्यस्तरीय क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता ग्वालियर में आयोजित द्वितीय क्षेत्रीय सम्मेलन “एग्री विजन” के अंतर्गत हुई, जिसमें दो राज्यों के आठ विश्वविद्यालयों और करीब 35 कृषि महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच प्रशांत शर्मा ने अपने ज्ञान और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने न केवल पन्ना जिले बल्कि महाकौशल प्रांत का भी प्रतिनिधित्व किया और अपनी उपलब्धि से सभी को गौरवान्वित किया। इस आयोजन का संचालन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के दौरान एबीवीपी के अध्यक्ष जितेंद्र गुर्जर और उपाध्यक्ष भूदेव पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। प्रशांत शर्मा की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। महाविद्यालय के डॉ. द्वारका सहित अन्य छात्रों ने इसे पन्ना जिले के लिए गर्व का विषय बताया है।