पन्ना/छतरपुर। पन्ना टाइगर रिजर्व के छतरपुर जिले से लगे चंद्रनगर रेंज क्षेत्र के घने जंगल में गड़ा धन तलाशने पहुंचे संदिग्धों के समूह का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि करीब 12 लोग मेटल डिटेक्टर और अन्य उपकरणों के साथ जंगल में पहुंचे थे। सूचना मिलने पर टाइगर रिजर्व की टीम ने घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ लिया। मौके से मेटल डिटेक्टर सहित कई उपकरण बरामद किए गए हैं। वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर इतनी संख्या में लोग जंगल में किस उद्देश्य से पहुंचे थे और क्या वे ऐतिहासिक खंडहरों में खुदाई की तैयारी कर रहे थे।
मनियागढ़ की पहाड़ी के पास खंडहरों में खजाना तलाशने का संदेह
मामला मनियागढ़ की पहाड़ी के महादेव घाट के आसपास का बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक संदिग्धों के गड़ा धन तलाशने के उद्देश्य से वहां पहुंचने की जानकारी सामने आई है। मनियागढ़ क्षेत्र ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है और यहां पुराने किले एवं खंडहरों के अवशेष मौजूद हैं। इसी वजह से इन संदिग्धों द्वारा खंडहरों में छिपे कथित खजाने की तलाश किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
घेराबंदी कर चार को पकड़ा, जांच में जुटा टाइगर रिजर्व प्रबंधन
सूचना मिलने के बाद टाइगर रिजर्व की टीम ने जंगल में घेराबंदी की और चार संदिग्धों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से मेटल डिटेक्टर मशीन सहित कई तरह के उपकरण बरामद किए गए हैं। अब वन विभाग यह जांच कर रहा है कि समूह के अन्य सदस्य कौन थे और जंगल में आने का उनका वास्तविक उद्देश्य क्या था। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या उन्होंने किसी ऐतिहासिक स्थल या खंडहर में खुदाई अथवा नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया था। मामले में टाइगर रिजर्व प्रबंधन की जांच जारी है।