मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शादी समारोह की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। पन्ना टाइगर रिजर्व के मड़ला पेट्रोल पंप के पास स्थित जमुनिया कोर क्षेत्र में एक 36 वर्षीय युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान छतरपुर निवासी कैलाश प्रजापति के रूप में हुई है। वह अपने साले के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए मड़ला आया था।
फोटो खिंचवाने को लेकर हुआ विवाद, घर से निकलने के बाद नहीं लौटा युवक
परिजनों के अनुसार, शादी की रस्मों के दौरान कैलाश की पत्नी ने लड़की के फूफा के साथ एक फोटो खिंचवा ली थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। परिजनों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत करा दिया, लेकिन बताया जा रहा है कि कैलाश इस घटना से मानसिक रूप से काफी आहत था। देर रात वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा।
चरवाहों ने देखा शव, पुलिस ने शुरू की जांच
अगले दिन सुबह टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित कोर क्षेत्र जमुनिया में चरवाहों ने एक पेड़ पर युवक का शव लटका देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। कैलाश प्रजापति अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और शादी वाले घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।