पन्ना। वन्यजीव संरक्षण सप्ताह के अवसर पर दक्षिण पन्ना वनमंडल के विभिन्न वन परिक्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों की धूम रही। विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय ने चित्रकला, निबंध, गीत, क्विज, जंगल भ्रमण एवं पौधारोपण जैसी गतिविधियों में सहभागिता कर वन, वन्यजीव और जैव विविधता संरक्षण का संदेश दिया।
चित्रकला और पौधारोपण से बढ़ाई जागरूकता
कल्दा के शासकीय हाईस्कूल सारंगपुर में निबंध, चित्रकला, गीत एवं कहानी प्रतियोगिताएं हुईं तथा उत्कृष्ट विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र व उपहार दिए गए। सलेहा में पटना-तमोली हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों को जंगल भ्रमण के दौरान वन पारिस्थितिकी एवं जैव विविधता की जानकारी दी गई। विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी हुआ। मोहन्द्रा में गीत, कविता, क्विज और स्लोगन के माध्यम से विद्यार्थियों को संरक्षण की शपथ दिलाई गई। शाहनगर के सांदीपनि विद्यालय में 60 विद्यार्थियों ने चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता में भाग लिया। विजेताओं को शील्ड, प्रमाण-पत्र व स्कूल बैग दिए गए। विद्यार्थियों को औषधीय पौधे और तितलियों से संबंधित पुस्तकें भी वितरित की गईं। कार्यक्रमों में वनकर्मियों ने आग, अवैध कटाई और शिकार रोकने के साथ वन्यजीव संरक्षण में सामुदायिक सहभागिता का आह्वान किया।