देहरादून। उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा का आज विधिवत शुभारंभ हो गया। अक्षय तृतीया के अवसर पर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। इसके साथ ही चारधाम यात्रा की शुरुआत हो गई है।
केदारनाथ और बद्रीनाथ के कपाट कब खुलेंगे?
चारधाम यात्रा के तहत अब श्रद्धालुओं को केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने का इंतजार है। केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को, जबकि बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे।
फूलों से सजे मंदिर, भक्तों में उत्साह
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम को भव्य रूप से सजाया गया है। कपाट खुलने के मौके पर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, ऐसे करें आवेदन
चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। श्रद्धालु uttarakhandtourism.gov.in वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा हरिद्वार और ऋषिकेश में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध है।
चारधाम यात्रा का धार्मिक महत्व
सनातन धर्म में चारधाम यात्रा को अत्यंत पवित्र और मोक्षदायिनी माना जाता है। मान्यता है कि गंगोत्री धाम, यमुनोत्री धाम, केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम के दर्शन करने से पापों से मुक्ति और मोक्ष की प्राप्ति होती है।