मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। इसी बीच ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद किए जाने के बाद आयात होने वाले तरल ईंधन की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसके चलते भारत में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है।
रसोई गैस सिलेंडर के दाम 60 रुपये बढ़े
देश के कई राज्यों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर अब पहले से महंगा हो गया है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में यह सिलेंडर अब 853 रुपये की जगह 913 रुपये में मिलेगा। सूत्रों के मुताबिक नई कीमतें 7 मार्च से लागू कर दी गई हैं।
दिल्ली में इतने रुपये का मिलेगा सिलेंडर
दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत भी बढ़ा दी गई है। इसमें 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जो 7 मार्च से प्रभावी हो गई है। अब राजधानी में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 1883 रुपये में मिलेगा। इससे पहले अप्रैल 2025 में सिलेंडर की कीमतों में बदलाव किया गया था।
वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 19 किलोग्राम का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 1835 रुपये में उपलब्ध होगा। कीमतों में इस बढ़ोतरी के बाद आम लोगों और व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इसका सीधा असर घरेलू बजट और कारोबार पर पड़ने वाला है।
इस वजह से बढ़े गैस सिलेंडर के दाम
पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाली तरल प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा हुआ है। जानकारी के मुताबिक 28 फरवरी से होर्मुज के रास्ते एलएनजी की आपूर्ति बाधित हो गई है।
इस स्थिति के चलते वैश्विक स्तर पर लगभग 20 प्रतिशत एलएनजी सप्लाई अस्थायी रूप से प्रभावित हुई है, जिससे एशियाई बाजारों में चिंता का माहौल बन गया है। भारत अपनी एलएनजी जरूरतों का बड़ा हिस्सा कतर और संयुक्त अरब अमीरात से आयात करता है, जो होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते ही भारत पहुंचता है।
Comments (0)