Jaipur: राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में शुरू हुई प्री-मानसून (Rajasthan Weather Update) की बारिश आज से तीन दिन जारी रहने की संभावना है। उदयपुर-कोटा संभाग के लिए मौसम विभाग ने 15 जून तक आंधी और ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया है। इसके दूसरी तरफ पूर्वी राजस्थान के भरतपुर और उत्तरी राजस्थान के बीकानेर संभाग (भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर) में बुधवार व गुरुवार को गर्मी तेज रहने और लू चलने की आशंका है।
इन जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम केन्द्र जयपुर की ओर से बुधवार को उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बारां, झालावाड़, कोटा, बूंदी, भीलवाड़ा, टोंक और राजसमंद जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में आज सुबह से आसमान में बादल भी छाए है। दोपहर बाद यहां गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।
उदयपुर में गर्मी से मिली राहत
इससे पहले मंगलवार को उदयपुर, भीलवाड़ा, राजसमंद के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। उदयपुर शहर और मावली जंक्शन पर तूफानी बारिश हुई। उदयपुर में मंगलवार का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चित्तौड़गढ़, उदयपुर, भीलवाड़ा समेत कई शहरों में मंगलवार को 1 इंच से ज्यादा बरसात हुई। रिपोर्ट के मुताबिक बांसवाड़ा के दानपुर में 30MM, जगपुरा में 22, कुशलगढ़ में 19, लुहारिया में 16, गढ़ी में 15, चित्तौड़गढ़ के राशमी में 25, बड़ी सादड़ी में 3, अजमेर के भिनाय में 5, उदयपुर के गिर्वा में 26, झाड़ोल में 23, मावली में 14, कानोड में 10, टोंक के मालपुरा में 2MM बारिश दर्ज हुई।
चूरू में रही सबसे ज्यादा गर्मी, पारा 45 पार
मंगलवार को उदयपुर संभाग के जिलों में गरज-चमक (Rajasthan Weather Update) के साथ बारिश हुई, लेकिन उत्तरी राजस्थान में गर्मी तेज रही। चूरू, गंगानगर में दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। सर्वाधिक गर्मी मंगलवार को चूरू में रही, जहां का अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
जयपुर में तापमान 43.5 डिग्री रहा
हनुमानगढ़, फतेहपुर, बीकानेर, बाड़मेर और पिलानी में भी मंगलवार को गर्मी तेज रही, इन शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। राजधानी जयपुर में दिन का तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन सभी शहरों में मंगलवार को दिन में तेज गर्म हवा भी चली। उदयपुर, सिरोही को छोड़कर लगभग सभी शहरों में मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों की माने तो राजस्थान के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में अभी गर्मी का प्रभाव 2 दिन और रहने की संभावना है।
15 जून तक बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर की ओर से 13, 14 और 15 जून का उदयपुर, कोटा संभाग के जिलों (उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बारां, झालावाड़, कोटा, बूंदी, भीलवाड़ा) में गरज-चमक के साथ बारिश होने और कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने के साथ ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की है। वहीं, मौसम मानसून भी इस बार समय से पहले आने की संभावना है। क्योंकि मानसून की अरब सागर वाली लाइन बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है और ये गुजरात की सीमा तक प्रवेश कर चुकी है और मध्य प्रदेश की सीमा के नजदीक आ चुकी है।