Jaipur: जयपुर में सुबह से भारी बरसात हो रही है। तेज बरसात के कारण कई इलाकों में सड़कें लबालब हो गई हैं। 1 फीट तक पानी भरा है। परकोटा में सुभाष चौक से टकसाल जाने वाली रोड पर सड़क की दोनों लेन डूबी नजर आई। सुभाष चौक सर्किल पर भरे पानी में एक स्कूटी बंद पड़ गई, जिसे धकेल कर पानी से निकालना पड़ा। जोरदार बारिश से द्रव्यवती नदी उफान पर है। महारानी फार्म के रास्ते पर बनी पुलिया पर पानी का तेज बहाव है। वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। चाकसू क्षेत्र में बारिश के बाद ढूंढ नदी में पानी का बहाव तेज है। स्टेट हाईवे-2 पर छादेल में ढूंढ नदी की रपट पर पानी के तेज बहाव से बाइक और कार सवार जान जोखिम में डालकर निकल रहे हैं।
सड़क पर गड्ढे की वजह से ई-रिक्शा पलटा
परकोटा में चांदी की टकसाल पर स्थित प्राचीन काले हनुमानजी मंदिर में पानी भर गया। सेवक मंदिर से पानी निकालने में जुटे हैं। मंदिर के पास सड़क पर गड्ढे के कारण एक ई-रिक्शा पलट गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने ई-रिक्शा को सीधा कराया। जयपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान 4.50 इंच से ज्यादा (118 एमएम) बारिश दर्ज की गई। शहर में सबसे ज्यादा 135 एमएम बारिश जेएलएन मार्ग पर हुई।
सवाई माधोपुर के हिंदूपुरा में बांध की पाल टूटी
सवाई माधोपुर के बौंली उपखंड में हिंदूपुरा गांव में सोमवार सुबह 3 बजे बांध की मिट्टी की पाल तेज बहाव के कारण टूट गई। डैम की पाल करीब 3-4 फीट टूटने से पानी तेज बहाव के साथ आसपास के इलाकों में पहुंचा और चारों तरफ पानी ही पानी हो गया। पानी भरने के कारण हिंदूपुरा और हथडोली पंचायतों के 20 से ज्यादा गांव को जोड़ने वाली कोली मोहल्ला पुलिया से आवागमन बाधित हो गया है। यहां पानी 6 फीट ऊपर से बह रहा है। बांध का पानी निगोह नदी में जाने से जटावती, डीडवाडी, जोलन्दा गांव के जलमग्न होने की आशंका है। हिंदूपुरा पंचायत ने यह बांध जल संरक्षण के तहत बनवाया था।
धौलपुर में अगले आदेश तक स्कूलों की छुट्टी
राजस्थान में कभी धीरे, तो कभी तेज हो रही बरसात अब आफत बन चुकी है। जयपुर, करौली, भरतपुर, दौसा, टोंक और सवाई माधोपुर के स्कूलों में आज (12 अगस्त) छुट्टी की घोषणा कर दी गई है। धौलपुर में अगले आदेश तक स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। इस दौरान टीचर को स्कूल आना होगा। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 20 लोगों की मौत हुई है। इसमें 18 लोगों की डूबने से जान गई है, जबकि मकान गिरने से पिता-पुत्र की मौत हुई है। इनमें भरतपुर में 7, जयपुर में 5, झुंझुनूं में 3, करौली में 3, जोधपुर में 1 और बांसवाड़ा में 1 मौत हुई है। भारी बारिश के कारण अधिकांश जिलों के बांध ओवरफ्लो हो रहे हैं। आज और कल भी भारी बारिश की आशंका है। आज जयपुर समेत सात जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, 14 जिलों में येलो अलर्ट है।