Jaipur: मानसून की एंट्री के साथ अच्छी बारिश का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार देर शाम को जयपुर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के कई जिलों में 2 इंच तक पानी गिरा। भरतपुर में बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। करौली जिले के टोडाभीम में 5 लोग झुलस गए। पूरे प्रदेश में आज मध्यम और 27-28 जून के बीच कोटा, भरतपुर संभाग के जिलों में भारी बरसात का अलर्ट जारी किया गया है।
भरतपुर में 2 की जान गई
भरतपुर जिले में मंगलवार दोपहर बाद बारिश का दौर शुरू हुआ। आंधी चलने के साथ बादल छाए और बिजली चमकने लगी। भरतपुर के रूपवास स्थित नगला सूपा गांव में बिजली गिरने से 14 साल की नीलम की मौत हो गई। वहीं, भवनपुरा निवासी भीम सिंह जाटव की भी मौत हो गई है।
करौली में एक की हालत गंभीर
करौली जिले के टोडाभीम में मंगलवार शाम को बारिश के दौरान नांगल पहाड़ी गांव में नीम के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। इससे पेड़ के नीचे खड़े 5 मजदूर झुलस गए। सभी को परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से सीएचसी श्री महावीर में भर्ती कराया। गंभीर हालत होने पर एक मजदूर को जिला अस्पताल हिंडौन रेफर किया गया है।
आज के लिए येलो अलर्ट
मौसम केन्द्र जयपुर ने बुधवार को राजस्थान के सभी जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में सीकर, दौसा, जयपुर, जोधपुर, पाली, बाड़मेर, जालोर, बारां, झालावाड़, सवाई माधोपुर, धौलपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। सवाई माधोपुर शहर में 25MM, खंडार में 45MM, दौसा के महुवा में 26, सीकर के रींगस में 53MM, अलवर के थानागाजी में 25MM बारिश हुई। इधर, पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर में भी मंगलवार देर शाम को कई जगह तेज बारिश हुई। जोधपुर, पाली के भी कुछ स्थानों पर बारिश के बाद लोगों को गर्मी-उमस से राहत मिली।
तेज गर्मी से लोग परेशान, पारा 45 पार
बारिश से पहले पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर, गंगानगर में तेज गर्मी रही। यहां दिन में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा गर्मी मंगलवार को जैसलमेर में रही। यहां का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गंगानगर में भी कल दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
कहां, कब होगी बारिश.. जानिए
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज राजस्थान के सभी 33 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। 27 जून को बीकानेर और गंगानगर जिलों को छोड़कर शेष सभी जिलों में बारिश के आसार हैं। 27 जून को बारां, झालावाड़ के एरिया में पानी गिरने की संभावना है। 28 जून को बारां, झालावाड़, कोटा और बूंदी में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। जोधपुर, बाड़मेर, जालोर और जैसलमेर जिलों को छोड़कर शेष जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। 29 जून को पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, धौलपुर, दौसा, करौली और अलवर जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।