Jaipur: सीकर, जयपुर, चूरू, झुंझुनूं समेत राज्य के कई शहरों में गुरुवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई। कोटा, भीलवाड़ा, सिरोही में एक इंच से ज्यादा बरसात दर्ज हुई। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जिलों में कल गर्मी तेज रही और पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। प्रदेश में आज से मानसून का दौर कमजोर पड़ जाएगा। हालांकि, मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राजस्थान में अगले सप्ताह से तेज बारिश की संभावना जताई है।
इन जिलों में हुई तेज बारिश
पिछले 24 घंटे में सिरोही, सीकर, जयपुर, झुंझुनूं, चूरू के अलावा जालोर, सिरोही, कोटा, हनुमानगढ़, गंगानगर, बीकानेर, बारां, दौसा, चित्तौड़गढ़ और राजसमंद में बारिश हुई। जयपुर, सीकर जिले में कल देर शाम तेज आंधी चली और उसके बाद बारिश हुई। राजधानी जयपुर में देर शाम करीब साढ़े 6 बजे आंधी के बाद तेज बारिश हुई। जयपुर में सीकर रोड, कलेक्ट्रेट, विद्याधर नगर, आमेर, शास्त्री नगर, अजमेरी गेट, टोंक फाटक, श्याम नगर, सोडाला के एरिया में तेज बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया।
8 शहरों में रही तेज गर्मी
बीकानेर, जोधपुर संभाग के जिलों में कल दिन में तेज गर्मी रही। बीकानेर में कल दिन का अधिकतम तापमान 42.2, चूरू में 42.5, गंगानगर में 41.6, फतेहपुर, जैसलमेर में 42.2, हनुमानगढ़ में 41, पिलानी में 41.1 और बाड़मेर में 40.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वहीं सीकर, जालौर में कल दिन में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। इन शहरों में कल दिनभर उमस रही।
आज से कमजोर पड़ेगा मानसून
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून की ट्रफ लाइन जो बीकानेर, जयपुर से होकर गुजर रही थी, वह आज उत्तरी भारत की तरफ शिफ्ट हो गई। इस कारण अगले दो-तीन राजस्थान में मानसून कमजोर रहने की संभावना है। 16 जुलाई से मानसून ट्रफ लाइन वापस मध्य भारत की तरफ शिफ्ट होने की संभावना है। इसके साथ ही मानसून एक बार फिर से एक्टिव होगा और तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।