Jaipur: राजस्थान में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। आज जयपुर, टोंक, सीकर सहित कई जिलों में सुबह करीब 5 बजे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। लगातार बरसात से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज भी 12 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। केंद्र के अनुसार अगले एक हफ्ते तक मानसून प्रदेश में एक्टिव रहेगा।
अब तक इतनी हुई बारिश
इससे पहले जयपुर में गुरुवार देर रात भी बारिश हुई। इस दौरान कभी तेज तो कभी रिमझिम बरसात होती रही। शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है। प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक (25 जुलाई) 175.5MM बारिश हो चुकी है, जो सामान्य बारिश से 3 फीसदी कम है। राजस्थान में मानसून सीजन में अब तक सामान्य बारिश 180.8MM होती है। जिलेवार देखें तो दौसा जिले में सर्वाधिक बारिश 387MM हो चुकी है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा बरसात बांसवाड़ा के केसरपुरा में 152 एमएम (6 इंच) दर्ज हुई। बांसवाड़ा के ही सज्जनगढ़ में 111, सलोपत में 132, दानपुर में 75, भीलवाड़ा के बिजौलिया में 74, बूंदी के नैनवां में 119, झालावाड़ के डग में 60, गंगधर में 70, झुंझुनूं के मलसीसर में 49, नवलगढ़ में 51, कोटा के कानावास में 129, लाडपुरा में 79, चेचत में 64 और सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा में 96 एमएम बरसात दर्ज हुई। इनके अलावा टोंक, जयपुर, सीकर, नागौर, करौली, दौसा, चूरू, बीकानेर, बारां, अजमेर समेत कई जिलों में एक से दो इंच तक बरसात दर्ज हुई।
तेज बारिश के बाद तापमान में गिरावट
प्रदेश में शुरू हुए तेज बारिश के दौर ने गर्मी और उमस से लोगों को राहत दिलाई है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 29.6, कोटा में 29.3, बारां में 29.9, डूंगरपुर में 29.7 और सिरोही में 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में 32.9, उदयपुर में 31.6, अजमेर में 31.4, सीकर-चितौड़गढ़ में 33 और अलवर में 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बीसलपुर के जलभराव में आई कमी
बीसलपुर बांध और उसके आसपास के क्षेत्र में बारिश नहीं होने से जलभराव में कमी आई है। जहां पिछले शुक्रवार को बांध का जलस्तर 310.26 आरएल मीटर था, वह आज गिरकर 310.17 आरएल मीटर दर्ज किया है। त्रिवेणी नदी में भी अभी पानी नहीं आया है। बांध में अभी 11.269 टीएमसी पानी है। पिछले 24 घंटे में बांध के कैचमेंट एरिया में केवल 4 मिमी बारिश दर्ज की है। एक्सईएन मनीष बंसल ने बताया कि पूरी मात्रा में सप्लाई की जाए तो बांध में अभी 8 महीने का पानी है। राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों में इस साल मानसून की तीव्रता कम ही रही है। आज भी जैसलमेर और आसपास के एरिया में सुबह से घने बादल छाए हुए हैं, लेकिन बारिश नहीं हो रही है।
अगले एक सप्ताह एक्टिव रहेगा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- वर्तमान में उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर और जयपुर से होकर गुजर रही है। इस सिस्टम के प्रभाव से बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी आज मेघ गर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना है। वहीं पूर्वी राजस्थान के अनेक भागों में और पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग के कुछ भागों में अगले चार-पांच दिन बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।