Jaipur: राजस्थान में सोमवार को मानसून कुछ और आगे बढ़ा और हनुमानगढ़, बीकानेर के कुछ हिस्सों में प्रवेश किया। मानसून की एंट्री के साथ ही हनुमानगढ़, गंगानगर के अलावा चूरू, बीकानेर के कुछ एरिया में दोपहर बाद तेज बारिश हुई। जबकि पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर संभाग के जिलों में अनुमान से कम बारिश हुई। मौसम विज्ञान केन्द्र नई दिल्ली ने जुलाई के पूर्वानुमान में अच्छी बारिश होने की उम्मीद जताई है। इस पूर्वानुमान में मौसम वैज्ञानिकों ने राजस्थान में सामान्य से ज्यादा बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं, मानसून प्रदेश में एंट्री के एक सप्ताह बाद 32 जिलों (पुराने जिलों के अनुसार) में पहुंच गया है। अब केवल गंगानगर में मानसून के पहुंचने का इंतजार है। उधर, भरतपुर में सुबह से ही बादल छाए हुए थे। सुबह करीब 10 बजे अचानक बारिश शुरू हो गई।
हनुमानगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में सीकर, चूरू, गंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, झुंझुनूं, दौसा, अलवर, धौलपुर, टोंक के अलावा दक्षिणी राजस्थान के डूंगरपुर, बांसवाड़ा के एरिया में हल्की से मध्यम बारिश हुई। चूरू के सिधमुख में 16MM, धौलपुर के बाड़ी में 24, डूंगरपुर के वेंजा में 34, सागवाड़ा में 12, टोंक के लाम्बा हरिसिंह में 38MM बारिश दर्ज हुई। सबसे ज्यादा बरसात हनुमानगढ़ जिले के भादरा स्थित डूंगराना में 77MM दर्ज हुई। हनुमानगढ़ के नोहर में भी 39MM बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान की सीमा पर बना हुआ है। इस सिस्टम के प्रभाव से अगले कुछ दिन राजस्थान के अलवर, झुंझुनूं, सीकर, भरतपुर, हनुमानगढ़, चूरू के एरिया में लगातार बारिश होने की संभावना है।
जुलाई में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना
मौसम केन्द्र नई दिल्ली से कल पूरे देश का जुलाई माह का पूर्वानुमान जारी किया गया। इसमें राजस्थान के एरिया में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों ने राजस्थान के सभी हिस्सों में जुलाई के महीने में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है। राजस्थान में जुलाई के महीने औसत बरसात 161.4MM बरसात होती है।
गंगानगर में पारा 42 पार, इस सप्ताह प्रवेश करेगा मानसून
राजस्थान में मानसून की स्थिति देखे तो ये अब केवल गंगानगर को छोड़कर शेष सभी जिलों में प्रवेश कर चुका है। गंगानगर में सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, बीकानेर में 41, जैसलमेर में 40.7 जबकि हनुमानगढ़ में 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू के एरिया में दिन में तेज गर्मी और उमस के बाद शाम को कई जगह अच्छी बारिश हुई।
आज इन जिलों में बारिश की संभावना
जयपुर मौसम केन्द्र की ओर से 2 और 3 जुलाई को जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर जिलों को छोड़कर शेष सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। 4 जुलाई धौलपुर जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जबकि भरतपुर, अलवर, सीकर, झुंझुनूं, अजमेर में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के अलावा शेष सभी जिलों (जैसलमेर, बाड़मेर को छोड़कर) में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 5 जुलाई को भरतपुर, धौलपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जबकि दौसा, अलवर, करौली, झुंझुनूं, चूरू, सीकर में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं शेष सभी जिलों में (जैसलमेर, बाड़मेर को छोड़कर) हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।