Jaipur: राजस्थान में राज्यसभा की खाली हुई एक सीट पर उपचुनाव की तारीख की घोषणा हो गई है। चुनाव आयोग के अनुसार, 14 अगस्त को नोटिफिकेशन के साथ ही नामांकन शुरू होंगे। 21 अगस्त नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख होगी। 22 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 27 अगस्त तक नामांकन वापस ले सकेंगे। 3 सितंबर को सुबह 9 से 4 बजे तक वोटिंग का समय रखा है। उसी दिन 5 बजे वोटों की गिनती करके रिजल्ट जारी होंगे। कांग्रेस नेता केसी वेणुगापेाल के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद यहां एक राज्यसभा सीट खाली हुई है। जिस एक सीट पर उपचुनाव हो रहा है, इसका कार्यकाल जून 2026 तक है। प्रदेश में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए इस सीट पर बीजेपी की जीत तय है। अगर कांग्रेस ने उम्मीदवार नहीं उतारा तो निर्विरोध निर्वाचन हो सकता है।
जीत के लिए 99 विधायकों के वोट चाहिए, कांग्रेस के पास मात्र 66 विधायक
राज्यसभा के सदस्यों को विधायक चुनते हैं। राज्यसभा के चुनाव में अपनाए जाने वाले फॉर्मूले के हिसाब से जितनी सीटें खाली होती हैं, उसमें एक जोड़कर जितनी विधानसभा सीटें होती हैं, उसमें भाग दिया जाता है। भाग के परिणाम में एक जोड़ा जाता है। इससे जो रिजल्ट आता है, उतने वोट एक सीट पर जरूरी होते हैं। राजस्थान में 1 सीट पर चुनाव होगा। इसमें 1 जोड़ेंगे तो 2 होंगे। राजस्थान में कुल 200 विधानसभा सीटें हैं, लेकिन 5 सीटें खाली हैं। ऐसे में 195 में 2 का भाग देकर रिजल्ट में 1 जोड़ेंगे तो संख्या 98.50 आएगी। इस तरह राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए 99 वोट चाहिए। बीजेपी के पास 115 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास मात्र 66 विधायक हैं। संख्या बल के हिसाब से बीजेपी की जीत तय है।राजस्थान में राज्यसभा की 10 सीटें
राजस्थान में राज्यसभा की कुल 10 सीटें हैं। इनमें से 5 कांग्रेस के पास और 4 भाजपा के पास है। एक सीट खाली है। इसी पर चुनाव होना है। यदि यह सीट भी भाजपा के खाते में जाती है तो दोनों पार्टियों के पास 5-5 सीट हो जाएंगी। इस चुनाव के बाद सीधे जून 2026 में दो सीटें खाली होंगी। इसमें एक सीट कांग्रेस की है और एक भाजपा की है।राजस्थान से कौन-कौन है राज्यसभा सांसद?
भाजपा : राजेंद्र गहलोत, घनश्याम तिवाड़ी, चुन्नीलाल गरासिया, मदन राठौड़।कांग्रेस : सोनिया गांधी, नीरज डांगी, रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनिक, प्रमोद कुमार।