Jaipur: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से डमी और अयोग्य कैंडिडेट को रोकने के लिए सभी परीक्षाओं में बड़े बदलाव किए हैं। अब आरपीएससी की भर्ती परीक्षा में फॉर्म भरने से पहले कैंडिडेट को अपना आधार अपडेट करना होगा। यानी आधार कार्ड तीन साल पुराना है तो वह फॉर्म के लिए नहीं चलेगा। नए फोटो के साथ उसे अपडेट करना होगा। इसके अलावा फॉर्म भरने से लेकर इंटरव्यू तक कैंडिडेट को एक ही फोटो काम में लेनी होगी। इस फोटो पर डेट लिखी होना भी जरूरी होगा। आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि आने वाली सभी भर्तियों में ये नियम लागू किए जाएंगे। हाल ही में आयोग की ओर से विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की जांच में डमी कैंडिडेट के कई प्रकरण सामने आए। ऐसे में इसे रोकने के लिए नियमों में बदलाव किए गए हैं।
हर जगह डेट लिखी हुई एक ही फोटो
पहले ये होता था - आवेदन फॉर्म में कैंडिडेट कोई भी फोटो लगा देते थे। आवेदन फॉर्म, परीक्षा सेंटर, पात्रता जांच, विस्तृत आवेदन फाॅर्म और इंटरव्यू में कैंडिडेट अलग-अलग फोटो का उपयोग कर लेते थे।
अब से ये होगा - ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में लेटेस्ट फोटो और साफ होगी। इसमें डेट लिखा होना अनिवार्य होगा। यही फोटो एग्जाम सेंटर, पात्रता जांच, डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन और इंटरव्यू में देनी होगी। इसके अलावा दूसरे फोटो नहीं चलेंगे।
अंगूठा निशानी स्कैन कर अपलोड करनी होगी
पहले ये होता था - आवेदन फॉर्म में अंगूठा निशानी स्कैन नहीं होती थी।
अब से ये होगा- ऑनलाइन आवेदन के समय अभ्यर्थी को खुद के साइन के साथ अब बाएं हाथ के अंगूठा के निशान को स्कैन पर अपलोड करना होगा। एग्जाम में बैठने से पहले भी दोबारा इसे स्कैन किया जाएगा। यदि इसमें कोई बदलाव मिलता है तो एक्शन लिया जाएगा।
अनुभव प्रमाण-पत्र भी अपलोड करना होगा
पहले ये होता था - अब तक अनुभव प्रमाण-पत्र सिलेक्शन होने पर, काउंसिलिंग और पात्रता जांच के समय मांगा जाता था।
अब से ये होगा- भर्ती विज्ञापन के दौरान एक्सपीरिएंस सर्टिफिकेट का फॉर्मेट जारी किया जाएगा। इसी फॉर्मेट में अपना अनुभव प्रमाण-पत्र ऑनलाइन फॉर्म भरते समय अपलोड करना होगा। यदि इसे अपलोड नहीं किया तो फाॅर्म सबमिट नहीं होगा।
आधार कार्ड की फोटो भी होगी अपडेट
पहले ये होता था - आधार कार्ड में पुरानी लगी फोटो ही मान्य थी।
अब से ये होगा- यदि आधार कार्ड में लगी हुई फोटो 3 साल या इससे ज्यादा पुरानी है तो ऑनलाइन आवेदन करने से पहले नई फोटो के साथ इसे अपडेट कराना होगा। एग्जाम के के समय प्रवेश-पत्र में प्रिंट फोटो का मिलान आधार कार्ड में लगी हुई फोटो से किया जाएगा। साथ ही ऑनलाइन आवेदन-पत्र भरने से पूर्व अभ्यर्थी अपने आधार कार्ड में दर्ज पर्सनल डिटेल को भी देखना होगा। क्योंकि वन टाइम रजिस्ट्रेशन में ये ही सारी जानकारी अपडेट होगी।
सहायक निदेशक, सहायक परीक्षण अधिकारी, जूनियर केमिस्ट पदों पर निकाली वैकेंसी
RPSC की ओर से शुक्रवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग में सहायक निदेशक के 9 पद, सार्वजनिक निर्माण विभाग में सहायक परीक्षण अधिकारी के 4 पद और भू-जल विभाग में कनिष्ठ रसायनज्ञ के 1 पद पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किए हैं। सहायक निदेशक के पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 19 जून से 18 जुलाई 2024 की रात 12 बजे तक, कनिष्ठ रसायनज्ञ के पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 24 जून से 23 जुलाई 2024 की रात 12 बजे तक और सहायक परीक्षण अधिकारी के पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 27 जून से 26 जुलाई 2024 की रात 12 बजे तक किए जा सकेंगे। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
प्रोग्रामर पद के लिए फिर से मांगे आवेदन
RPSC की ओर से प्रोग्रामर (सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग) के पदों में बढ़ोतरी की है। इसके लिए फिर से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। कैंडिडेट प्रोग्रामर के कुल 352 पदों के लिए 15 जून से 4 जुलाई 2024 की रात 12 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। बता दें कि पूर्व में आयोग की ओर से 25 जनवरी 2024 को प्रोग्रामर के 216 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था।