Jaipur: राजस्थान में बारिश का दौर जारी है। आज (गुरुवार) भी भरतपुर संभाग के तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही, जयपुर सहित पांच अन्य जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। 12 जुलाई से राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। इस सीजन में प्रदेश में औसत से 16.52 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है। उधर, भीलवाड़ा में बुधवार शाम बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई।
कहां, कितनी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान उदयपुर, सिरोही, सीकर, भीलवाड़ा, राजसमंद, पाली, नागौर, जालोर, जयपुर, चित्तौड़गढ़, भरतपुर, अजमेर, बारां समेत अन्य जिलों में बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ के कपासन में 49 एमएम, जालोर के आहोर में 47, राजसमंद के नाथद्वारा में 53, भीलवाड़ा के शाहपुरा में 26, नागौर के जायल में 28 एमएम बरसात दर्ज हुई।
बारिश में आएगी कमी
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- आज भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। आज से मानसून ट्रफ लाइन हिमालय की ओर शिफ्ट होने से बारिश की गतिविधियों में कमी होने की भी संभावना है। 11 से 15 जुलाई तक प्रदेश में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की, मध्यम बारिश हो सकती है।
जेठ-बहू का शव मिला
भीलवाड़ा के पंडेर थाना क्षेत्र में बिजली गिरने से बुधवार देर शाम जेठ और बहू की मौत हो गई। दोनों बकरियां चराने गए थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश की। तब दोनों सुगना पुत्र धन्नालाल रेगर (55) और उनके छोटे भाई छोटू लाल की पत्नी कमला देवी (45) के शव मिले।
रूपारेल नदी उफान पर
अलवर में बुधवार शाम बारिश के बाद रूपारेल नदी उफान पर दिखी। इस सीजन में पहली बार नदी में इतना पानी आया है। यह पानी जयसमंद बांध में भी पहुंचा है। अभी जयसमंद और सिलीसेढ़ बांध में पानी की आवक बहुत कम है।
जयपुर में आधे घंटे की बारिश में सड़कें बनी दरिया
राजधानी जयपुर के कुछ इलाकों में बुधवार दोपहर में तेज बारिश हुई। कलेक्ट्रेट, चारदीवारी, एमआई रोड, टोंक रोड, जेएलएन मार्ग पर बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया। चारदीवारी, एमआई रोड पर पानी भरने से यातायात प्रभावित रहा। कलेक्ट्रेट पर आधे घंटे के दौरान 37MM बरसात दर्ज हुई।
बीकानेर, चूरू, जैसलमेर में पारा 42 पार
पूर्वी राजस्थान में बारिश हो रही है और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में गर्मी तेज है। बुधवार को बीकानेर में दिन का अधिकतम तापमान 42.7, चूरू में 42.3, जैसलमेर में 42.2 और सीकर के फतेहपुर में 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पिलानी में 40.7, गंगानगर में 40 और जोधपुर, बाड़मेर में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
10 जुलाई तक औसत से ज्यादा बारिश
इस मानसून सीजन में 10 जुलाई तक राजस्थान में औसत से ज्यादा बारिश हो चुकी है। 10 जुलाई तक औसत 89.42 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि इस बार 104.20 मिमी बरसात हो चुकी है।