जयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के पहले चरण के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। पहले चरण में 16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों के सदस्यों को चुनने के लिए 85 लाख 7 हजार 306 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान के लिए प्रदेशभर में 9,886 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला है, जबकि कई क्षेत्रों में RLP, BAP और निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।
16 जिला परिषद और 104 पंचायत समितियों में मतदान
राजस्थान में पहले चरण के पंचायत चुनाव के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए वोटिंग कराई जा रही है। इस चरण में कुल 6,926 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला मतदाता करेंगे। एक मतदाता जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य, दोनों पदों के लिए वोट डालेगा। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पोलिंग स्टेशनों पर व्यवस्थाएं की गई हैं।
बीजेपी-कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला
पहले चरण के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच प्रमुख मुकाबला माना जा रहा है। हालांकि, कई इलाकों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP), भारत आदिवासी पार्टी (BAP) और निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में हैं। इन क्षेत्रों में मुकाबला बहुकोणीय होने से जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव पर सभी की नजरें हैं।
सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग, बूथों पर पहुंच रहे मतदाता
मतदान शुरू होते ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही देखने को मिली। राजसमंद जिले की कुंभलगढ़ पंचायत समिति के मजेरा पोलिंग बूथ पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। वोटिंग शुरू होने के साथ ही केंद्र पर मतदाताओं की कतारें लगने लगीं। सुबह के समय बुजुर्ग मतदाता भी बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंचे।