लखनऊ: कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे को यूपी एसटीएफ नागपुर से लखनऊ लेकर पहुंची। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे श्रद्धा हजरतगंज थाने पहुंची, जहां पुलिस ने उससे 6 घंटे 35 मिनट तक पूछताछ की। इस दौरान श्रद्धा अपना चेहरा छिपाते हुए थाने के अंदर जाती दिखाई दी। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान वह ज्यादातर चुप रही और बार-बार पुलिस से कहती रही कि उससे नहीं, उसके वकील से बात की जाए। इस मामले में श्रद्धा के साथ उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस तीनों को मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल ले गई, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।
हजरतगंज थाने में 6 घंटे 35 मिनट तक पूछताछ
जानकारी के मुताबिक, यूपी एसटीएफ श्रद्धा दुबे को नागपुर से लखनऊ लेकर आई थी। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे जब वह हजरतगंज थाने पहुंची, तो हाथ उठाकर अपना चेहरा छिपाती नजर आई।थाने में पुलिस ने उससे लगातार 6 घंटे 35 मिनट तक पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, श्रद्धा ने सवालों के जवाब देने से बचते हुए बार-बार कहा कि पुलिस उससे नहीं, उसके वकील से बात करे।
बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश से अलग-अलग पूछताछ
पुलिस ने श्रद्धा की बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश से भी पूछताछ की। दोनों से अलग-अलग कमरों में सवाल-जवाब किए गए, ताकि मामले से जुड़ी जानकारियां जुटाई जा सकें।पूछताछ के बाद पुलिस तीनों को एक ही वैन में बैठाकर सिविल अस्पताल ले गई, जहां करीब 35 मिनट तक उनका मेडिकल परीक्षण किया गया। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया गया।
पुलिस 14 दिन की रिमांड मांगने की तैयारी में
मामले की आगे की जांच के लिए पुलिस श्रद्धा दुबे की 14 दिन की रिमांड मांगने की तैयारी में है। पुलिस रिमांड के दौरान घटना से जुड़े तथ्यों, परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका के संबंध में पूछताछ कर सकती है।
9 अक्टूबर को फ्लैट से गिरकर हुई थी शिवा शर्मा की मौत
यह पूरा मामला लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत से जुड़ा है। 9 अक्टूबर को हजरतगंज इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट में श्रद्धा के फ्लैट से गिरने के बाद शिवा शर्मा की मौत हो गई थी।शिवा की मां ने श्रद्धा दुबे के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और श्रद्धा समेत तीन आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।
मंगलवार को यूपी एसटीएफ और पुलिस की टीम ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को नागपुर से गिरफ्तार किया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तीनों को पूछताछ के लिए लखनऊ लाया गया।