उदयपुर: नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा ने उदयपुर में अपना चुनावी अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को लेकसिटी में रोड शो कर पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बनाने की कोशिश की। सूरजपोल चौराहे से शुरू हुआ रोड शो बापू बाजार होते हुए देहली गेट बैंक तिराहे तक पहुंचा। रास्तेभर भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न समाजों और स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। रोड शो के जरिए भाजपा ने संगठनात्मक ताकत दिखाने के साथ कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में पूरी ताकत से जुटने का संदेश दिया।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि के बाद शुरू हुआ रोड शो
रोड शो से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सूरजपोल चौराहे पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद वे खुली गाड़ी में सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हुए। इस दौरान जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन और ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।
80 वार्डों में 60+ सीटों का टारगेट, BJP ने झोंकी ताकत
उदयपुर नगर निगम चुनाव भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी लंबे समय से यहां नगर निगम बोर्ड में सत्ता में रही है और इस बार 80 वार्डों में 60 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी है। नए परिसीमन के बाद बदले समीकरण, बागी प्रत्याशियों और संभावित भितरघात की चुनौती के बीच मुख्यमंत्री का रोड शो भाजपा के लिए शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। मेयर पद सामान्य होने के बाद मुकाबले की राजनीतिक तस्वीर भी बदली है। रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘उदयपुर में फिर भाजपा’ के नारे लगाए।
कांग्रेस पर CM का निशाना, भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रोड शो के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भ्रष्टाचार के मामलों में शामिल रहे मंत्री और अधिकारी जेल में हैं और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कांग्रेस पर चुनाव के समय मुद्दे उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब पार्टी का राजनीतिक धरातल नहीं बचा है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार के दौरान तीन नगर निगमों को बढ़ाकर छह किए जाने का भी जिक्र किया और कहा कि भाजपा सरकार ने इस व्यवस्था को समाप्त किया है।
‘ढाई साल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ’, CM का दावा
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए दावा किया कि पिछले ढाई साल में प्रदेश में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने इसे सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था और पारदर्शिता से जोड़ते हुए अपनी सरकार की उपलब्धि बताया।
78% चुनावी वादे पूरे करने का दावा, इन योजनाओं का किया जिक्र
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए दावा किया कि विधानसभा चुनाव से पहले जारी संकल्प पत्र में किए गए 78 प्रतिशत वादे पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने रामजल सेतु योजना, नर्मदा के पानी को आगे बढ़ाने और उदयपुर की देवास परियोजना को गति देने का भी उल्लेख किया। सीएम ने रोडवेज को लेकर कांग्रेस के पुराने दावों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे कि रोडवेज कभी मुनाफे में नहीं आ सकती, जबकि भाजपा सरकार ने 1,000 नई रोडवेज बसें खरीदी हैं और 1,000 और बसें खरीदी जाएंगी।
चुनावी मैदान में ‘ट्रिपल इंजन’ का नारा क्यों?
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निकाय और पंचायतों के विकास को लेकर ‘ट्रिपल इंजन की सरकार’ की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने की बात कही। मुख्यमंत्री के मुताबिक नगर निकायों और पंचायतों में भी भाजपा की सरकार होने से विकास योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सकता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रत्येक वार्ड में मजबूती से काम करने और भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल तैयार करने का आह्वान किया।
उदयपुर चुनाव में BJP के सामने कौन-कौन सी चुनौतियां?
भाजपा ने भले ही 60 से अधिक वार्ड जीतने का लक्ष्य रखा हो, लेकिन नए परिसीमन के बाद बदले समीकरण पार्टी के लिए चुनौती हैं। इसके अलावा बागी उम्मीदवारों और संभावित भितरघात को रोकना भी संगठन के लिए अहम होगा। ऐसे में मुख्यमंत्री का रोड शो सिर्फ चुनाव प्रचार नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।