Google ने अपने ईमेल प्लेटफॉर्म Gmail यूजर्स के लिए एक बड़ा प्राइवेसी अपडेट जारी किया है। कंपनी अब चुनिंदा यूजर्स के लिए एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन फीचर रोलआउट कर रही है, जिससे ईमेल की सुरक्षा पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो जाएगी।
WhatsApp की तरह यूजर्स के ईमेल पूरी तरह एन्क्रिप्टेड होंगे
इस नए फीचर के आने के बाद WhatsApp की तरह यूजर्स के ईमेल पूरी तरह एन्क्रिप्टेड होंगे। यानी भेजने वाले और प्राप्त करने वाले के अलावा कोई तीसरा व्यक्ति ईमेल की सामग्री को एक्सेस नहीं कर सकेगा। खास बात यह है कि अब Android और iOS यूजर्स बिना किसी एक्सटर्नल सॉफ्टवेयर या एक्सटेंशन के सीधे Gmail ऐप के जरिए सुरक्षित ईमेल भेज और प्राप्त कर सकेंगे।
यूजर्स को पहले से ज्यादा प्राइवेसी मिलेगी
इससे यूजर्स को न केवल बेहतर सुरक्षा मिलेगी, बल्कि उनका डेटा भी अधिक सुरक्षित रहेगा। Google ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया कि यह फीचर मोबाइल डिवाइसेज पर भी उपलब्ध कराया जा रहा है। अपडेट के बाद ईमेल भेजने, रिसीव करने और पढ़ने के दौरान यूजर्स को पहले से ज्यादा प्राइवेसी मिलेगी। कंपनी के मुताबिक, यह नया फीचर Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर तेजी से रोलआउट किया जा रहा है और जल्द ही सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध हो जाएगा।