हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले को लेकर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। मेले की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और निर्माण कार्यों से लेकर आधारभूत सुविधाओं तक हर पहलू पर तेजी से काम किया जा रहा है।
संबंधित विभागों के साथ व्यापक चर्चा
इसी क्रम में शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेले की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। मेला नियंत्रण भवन में मुख्यमंत्री की हाई लेवल बैठक प्रस्तावित है जिसके लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। बैठक के मद्देनजर कॉन्फ्रेंस हॉल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है ताकि अधिकारियों और संबंधित विभागों के साथ व्यापक चर्चा की जा सके।
शनिवार सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली इस बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और मेले से जुड़े अन्य स्टेकहोल्डर मौजूद रहेंगे। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री बैठक के बाद कुंभ क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी कर सकते हैं। मेला प्रशासन के अनुसार, कुंभ मेला क्षेत्र में 25 से अधिक स्थायी निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें सड़कें, घाटों का सुदृढ़ीकरण, पार्किंग स्थल और अन्य आधारभूत ढांचे शामिल हैं। इसके अलावा अस्थायी निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं की भी विस्तृत योजना तैयार की जा रही है, ताकि मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन का दावा है कि इस बार कुंभ मेले को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक को तैयारियों की दिशा और गति तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
Comments (0)