बीजापुर और कांकेर जिलों में कुल 38 कुख्यात नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें बीजापुर में 25, जबकि कांकेर में 13 नक्सलियों ने हथियार डालते हुए मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। यह आत्मसमर्पण नक्सल विरोधी अभियान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
बीजापुर में 1.15 करोड़ के इनामी नक्सलियों का सरेंडर
बीजापुर में सरेंडर करने वालों में एक नक्सली दंपति सहित 25 माओवादी शामिल हैं, जिन पर कुल 1 करोड़ 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें से एक SZCM स्तर का हार्डकोर नक्सली भी शामिल है, जिस पर अकेले 25 लाख रुपये का इनाम था। ये सभी नक्सली फायरिंग, IED ब्लास्ट, आगजनी और पुलिस पर हमले जैसी कई गंभीर घटनाओं में संलिप्त थे।
2025 में अब तक 242 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 127 ढेर
इन नक्सलियों ने बस्तर आईजी पी. सुंदरराज और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आत्मसमर्पण किया। प्रशासन द्वारा सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई है।
साल 2025 की शुरुआत से अब तक कुल 242 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जबकि 127 नक्सली मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 300 से अधिक नक्सलियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।
Comments (0)