प्रियंका वाड्रा गांधी के दौरे पर एमपी की सियासत गर्म हो गई है। उनके ग्वालियर आगमन पर जहां राज्य के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने वीडियो जारी कर कई सवाल पूछे हैं, तो वहीं कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने भी प्रियंका के दौरे को लेकर कटाक्ष किया है। बता दें कि, प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर एमपी कांग्रेस ने यादगार बनाने के लिए बहुत तैयारी की है। उनकी सभा में तकरीबन 50 हजार से लेकर 1 लाख लोगों का लाने का लक्ष्य रखा है कांग्रेस ने।
ग्वालियर की जनता से प्रियंका गांधी माफी मांगे
वहीं अब गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि, पिछली बार ग्वालियर की जनता की पीठ पर छुरा घोंपा था। जनता से सरोकार रखने वाले सिंधिया के नाम पर वोट मांगे थे। कारोबार से सरोकार रखने वाले कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाया था। उन्होंने आगे कहा कि, ग्वालियर की जनता से प्रियंका गांधी माफी मांगे? कांग्रेस शासनकाल में वल्लभ भवन को दलाली का अड्डा बनाने के लिए माफी मांगे। 15 महीने की सरकार में प्रदेश को 15 साल पीछे धकेलने के लिए माफी मांगे।
प्रियंका गांधी 84 के सिख दंगों के लिए माफी मांगे
नरोत्तम मिश्रा ने इस वीडियों में आगे सवाल पूछते हुए कहा कि, रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर जा रही है, यह अच्छी बात है, लेकिन गुरुद्वारा भी जाएं प्रियंका गांधी, साल 84 के सिख दंगों के लिए माफी मांगे, जो कमलनाथ आपके मंच पर बैठेंगे उन पर आज भी दंगों को लेकर मामला विचाराधीन है। उन्हें इस बात का जवाब देना चाहिए कि 84 में हुए कृत्य को लेकर आज तक क्यों माफी नहीं मांगी गई?
छत्तीसगढ़ में नग्न कांड पर चुप्पी क्यों?
बीजेपी नेता मिश्रा ने आगे कांग्रेस से सवाल करते हुए पूछा कि, आपने अपने ही पार्टी के नेताओं के साथ कुठारघात किया। आदिवासी समाज से आने वाली जमुना देवी को सीएम बनने नहीं दिया। सुभाष यादव कांग्रेस की गंदी राजनीति के शिकार हुए। अरुण यादव के साथ कांग्रेस लगातार गलत व्यवहार कर रही है। उन्होंने आगे पीसीसी चीफ पर आरोप लगाते हुए कहा कि, कमलनाथ ने परमाणु जानकारी लीक की थी, देश के साथ गद्दारी की थी। एमपी के गृहमंत्री ने आगे पूछा कि, छत्तीसगढ़ में नग्न कांड पर चुप्पी क्यों? कर्नाटक में जैन मुनि की निर्मम हत्या पर चुप्पी क्यों ? और राजस्थान में बलात्कार के मामलों पर चुप्पी क्यों?
Comments (0)