मध्यप्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले है। आगामी चुनाव को लेकर बीजेपी-कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी है। एक ओर जहां कांग्रेस सत्ता वापसी के सपने देख रही है तो वहीं बीजेपी प्रदेश को अपने हाथ से निकालने नहीं देना चाहती। लेकिन अगर देखा जाए तो कांग्रेस ने हिमाचल और कर्नाटक में शानदार जीत हासिल की है जिसके बाद से कांग्रेस पार्टी के हौसलें और बुलंद हो गए है। कांग्रेस मध्यप्रदेश में जीत हासिल करते के लिए नई रणनीति बना रही है। चुनाव को देखते हुए पक्ष और विपक्ष में आरोप-प्रतित्यारोप का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया ने प्रियंका गांधी के ग्वालियर दौरे को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार पॉलिटिकल टूर पर जाता है। यह उनकी टूरिस्ट टाइप यात्रा है जो चुनाव के समय होती है। प्रियंका गांधी का पहले जबलपुर का दौरा फ्लॉप रहा। अब झूठे ट्वीट करके प्रदेश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
ग्वालियर की सभा पूरी तरह से फ्लॉप रहेगी
राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया ने कहा कि वह अपना टूरिज्म दौरा करें, लेकिन प्रदेश की जनता पर कोई असर नहीं होने वाला है। ग्वालियर की सभा उनकी पूरी तरह से फ्लॉप रहेगी। चुनाव के समय कांग्रेस को महापुरुष याद आते हैं। हमारी परंपरा है कि कोई भी आए उसका स्वागत है। पूरी कांग्रेस सिंधिया को घेरने की तैयारी कर रही है, क्योंकि उनकी लोकप्रियता से कांग्रेस के पेट में दर्द होता है। सिंधिया की लोकप्रियता के कारण ही 2018 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी। 2023 के चुनाव में बीजेपी को चंबल संभाग से ऐतिहासिक और अभूतपूर्व समर्थन मिलने वाला है।
ग्वालियर-चंबल अंचल में चुनाव का शंखनाद
दरअसल, जबलपुर के बाद ग्वालियर-चंबल अंचल में चुनाव का शंखनाद करने के लिए प्रियंका गांधी 21 जुलाई को मेला ग्राउंड में सभा लेंगी। मेला ग्राउंड में प्रियंका गांधी की सभा की अनुमति जिला प्रशासन से मिलने के बाद कांग्रेस ने युद्धस्तर पर तैयारियां शुरु कर दी हैं। कांग्रेस का दावा है कि एक लाख से अधिक लोगों को बैठने की व्यवस्था के लिए वाटर प्रूफ डोम बनने का कार्य 15 जुलाई से शुरू हो जाएगा। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भीड़ जुटाने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। अंचल की 34 विधानसभा क्षेत्रों से पांच-पांच हजार नागरिकों को लाने की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। टिकट के दावेदार और क्षेत्र के प्रमुख नेता बसों से लोगों को लाने के लिए शहर जिला कांग्रेस के पास बसों के नंबरों सहित संख्या बता रहे हैं।
1 लाख की भीड़ जुटाने का टारगेट
प्रदेश कांग्रेस ने प्रियंका गांधी की सभा के लिए एक लाख के लगभग भीड़ जुटाने का टारगेट अंचल के नेताओं को दिया है। मंडल व सेक्टर अध्यक्षों को 100 से 50 लोगों को लाने की जिम्मेदारी दी गई है। लोगों को लाने व ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था स्थानीय नेता कर रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि प्रियंका गांधी की सभा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह भी है। 2018 के विधानसभा चुनाव के नतीजों से कांग्रेस को भी इस बार ग्वालियर-चंबल अंचल से काफी उम्मीद हैं।
Comments (0)