मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 फरवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट-2026 में भाग लेंगे। इस दौरान वे उच्च-स्तरीय पैनल चर्चा में शामिल होकर राज्य स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग से आर्थिक प्रगति को तेज करने, डिजिटल सुशासन को मजबूत बनाने और सुदृढ़ बुनियादी ढांचे के विकास पर अपने विचार साझा करेंगे।
वन-टू-वन बैठकें करेंगे
समिट के दौरान मुख्यमंत्री अग्रणी वैश्विक तकनीकी कंपनियों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में एआई कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा ढांचा, क्लाउड इकोसिस्टम, जनरेटिव एआई के एकीकरण, एडवांस्ड सेमीकंडक्टर एक्सीलरेशन, डेटा सेंटर विकास और सॉवरेन एआई मॉडलिंग जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा, वे टियर-2 शहरों से उभर रहे स्टार्टअप्स और नवाचारकर्ताओं से मुलाकात कर उनके एआई आधारित समाधानों की जानकारी लेंगे।
एआई इनेबल्ड गवर्नेंस फॉर एन एम्पावर्ड भारत
समिट में मध्यप्रदेश का पवेलियन हॉल-4, प्रथम तल, बूथ संख्या 4F-32 और 4F-34 में “एआई इनेबल्ड गवर्नेंस फॉर एन एम्पावर्ड भारत” थीम पर स्थापित किया गया है। इस पवेलियन में 14 एआई स्टार्टअप, आईआईटी इंदौर, आईआईटीआई दृष्टि सीपीएस फाउंडेशन तथा चार प्रमुख शासकीय विभाग भाग ले रहे हैं। यहां शासन में लागू किए जा चुके एआई आधारित समाधान प्रदर्शित किए जा रहे हैं, जो पारदर्शिता बढ़ाने, सेवाओं की समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने और बेहतर निर्णय प्रक्रिया को सक्षम बनाने में सहायक हैं। मध्यप्रदेश का विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, एमपीएसईडीसी के सहयोग से, इस राष्ट्रीय मंच पर राज्य की योजनाबद्ध और लक्ष्य-आधारित एआई पहलों को प्रस्तुत कर रहा है।
Comments (0)