रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में आजाद चौक थाना पुलिस ने नशीली टैबलेट का अवैध कारोबार करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ईदगाह भाठा ग्राउंड के पास कुछ व्यक्ति नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया।
तलाशी में मिलीं 124 नशीली टैबलेट
पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 124 नग नाइट्राजेपम टैबलेट बरामद की गईं। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपी भेजे गए जेल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख मोहम्मद अमान और शेख मोहम्मद अयान मिर्जा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।