लखनऊ : उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन की ओर से जारी तबादला आदेश में 10 आईपीएस और 18 पीपीएस अधिकारियों समेत कुल 28 अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। इस फेरबदल में लखनऊ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, आगरा, मेरठ, बदायूं, मुरादाबाद, आजमगढ़, मथुरा और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों और पुलिस इकाइयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। तबादला सूची में 2020, 2021 और 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी शामिल हैं। कई अधिकारियों को एक पुलिस कमिश्नरेट से दूसरे कमिश्नरेट भेजा गया है, जबकि कुछ को एएनटीएफ, पीएसी, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल और यातायात निदेशालय में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
10 IPS अधिकारियों की नई तैनाती
तबादला आदेश के अनुसार, आईपीएस पुनीत द्विवेदी को पुलिस मुख्यालय लखनऊ से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। नीतू को वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट से गौतमबुद्धनगर, शिवा सिंह को कानपुर नगर से आगरा और अमित कुमावत को लखनऊ से गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट भेजा गया है।
आईपीएस किरण यादव को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट से एएनटीएफ मुख्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) की जिम्मेदारी दी गई है। पुष्कर वर्मा को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट से फतेहगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसी तरह आदित्य को आगरा से बदायूं में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और शैव्या गोयल को गौतमबुद्धनगर से गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर भेजा गया है। भवरे दीक्षा अरुण को शाहजहांपुर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पद से मेरठ पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (PTS) में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, माविस टॉक को सोनभद्र से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
18 PPS अधिकारियों के भी बदले गए कार्यक्षेत्र
पीपीएस अधिकारियों की सूची में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। कुमार रणविजय सिंह को मुरादाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) से आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनाया गया है। अनूप कुमार को मऊ से सोनभद्र भेजा गया है, जबकि देवेंद्र सिंह को 39वीं वाहिनी पीएसी मिर्जापुर में उपसेनानायक के पद से शाहजहांपुर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनाया गया है।
इंदुप्रभा सिंह को लखनऊ में एससीओ मुख्यालय से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। अतुल कुमार चौबे को मुजफ्फरनगर में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) से मथुरा में अपर पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) बनाया गया है। ममता कुरील को अलीगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) से मुजफ्फरनगर में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) और गिरीश कुमार सिंह को फतेहगढ़ से अलीगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) की जिम्मेदारी दी गई है। पीयूष कुमार सिंह को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट से मैनपुरी में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनाया गया है। अभिषेक तिवारी को मैनपुरी से मुरादाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मेरठ, गौतमबुद्धनगर और सहारनपुर में भी बदलाव
नितिन कुमार सिंह को 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्धनगर में उपसेनानायक के पद से मुरादाबाद पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (PTS) में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। श्रेष्ठा को एटीएस लखनऊ से 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्धनगर में उपसेनानायक की जिम्मेदारी दी गई है। नवीना शुक्ला को एएनटीएफ मुख्यालय लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) से एससीओ मुख्यालय लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। नवीन कुमार सिंह को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट से पुलिस महानिदेशक के स्टाफ ऑफिसर के पद पर तैनात किया गया है। विभा सिंह को मेरठ पुलिस ट्रेनिंग स्कूल से छठी वाहिनी पीएसी मेरठ में उपसेनानायक बनाया गया है। राघवेंद्र कुमार मिश्रा को छठी वाहिनी पीएसी मेरठ से पांचवीं वाहिनी एसएसएफ सहारनपुर भेजा गया है।
आजमगढ़, बदायूं और मऊ में भी नई जिम्मेदारी
अरुण कुमार सिंह को यातायात निदेशालय लखनऊ से आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) बनाया गया है। डॉ. हृदेश कठेरिया को बदायूं में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) से यातायात निदेशालय लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पंकज कुमार श्रीवास्तव को आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) के पद से मऊ में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
कई कमिश्नरेट और पुलिस इकाइयों में बदली जिम्मेदारी
इस फेरबदल में पुलिस कमिश्नरेट के साथ-साथ पीएसी, एसएसएफ, एएनटीएफ, एससीओ और पुलिस ट्रेनिंग स्कूल जैसी इकाइयों में भी अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। इससे कई जिलों में अपर पुलिस अधीक्षक स्तर पर नई जिम्मेदारियां तय हुई हैं।