मौसम विभाग की ताज़ा भविष्यवाणी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। गुरुवार को राज्य के दक्षिणी हिस्सों में मूसलधार बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा की चेतावनी
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे के दौरान भारी वर्षा का असर मुख्यतः दक्षिण छत्तीसगढ़ में देखने को मिलेगा। बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और कोरबा जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना है। इन इलाकों में भारी वर्षा के चलते निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मानसून की स्थिति
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून द्रोणिका फिलहाल फिरोजपुर से बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके साथ ही एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में एक निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है, जिससे राज्य में बारिश की गतिविधियां तेज़ हो सकती हैं।
वहीं दूसरी ओर, अरब सागर से लेकर बंगाल की खाड़ी तक फैली एक अन्य द्रोणिका भी सक्रिय है, जो दक्षिण गुजरात, महाराष्ट्र, विदर्भ, तेलंगाना होते हुए उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक फैली हुई है। यह प्रणाली लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर मौसम में नमी ला रही है, जिसके चलते छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना बनी हुई है।
Comments (0)